TrendingUttar Pradesh

​बाराबंकी में सरयू का कहर : मंदिर-मस्जिद बचाने की कोशिश तेज, तीन पक्के मकान नदी में समाए

​बाराबंकी में सरयू का कहर : मंदिर-मस्जिद बचाने की कोशिश तेज, तीन पक्के मकान नदी में समाए

सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। सरयू नदी से कुछ दूर रह गए बाबा नारायण दास मंदिर व दो दिन से हवा में लटकी मस्जिद को बचाने की कवायद तेज हो गई है। डीएम के पहुंचने के बाद यह कवायद युद्ध स्तर में बदल गई। उधर लाल निशान से भी नीचे आई नदी में शनिवार को तीन पक्के मकान समा गए और कटान की दहशत बरकरार है। सरयू नदी की तेज धारा को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।

प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। नदी की तेज धारा से बाबा नारायण दास मंदिर और कटान के बाद हवा में लटकी मस्जिद को संभावित खतरे से बचाने के लिए बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। नदी की धारा को रोकने और कटान प्रभावित हिस्सों को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। 

मौके पर राहत एवं बचाव दल सक्रिय हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने तथा नदी के किनारे जाने से बचने की अपील की जा रही। बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का काम भी जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी की तेज धारा के कारण क्षेत्र में लगातार खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से बचाव कार्यों में और तेजी लाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

सांसद ने किया दौरा, ग्रामीणों से की मुलाकात

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सांसद तनुज पुनिया ने हेतमापुर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व परेशानियां जानीं। सांसद ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। 

उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी किया। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने सांसद का आभार जताया। तनुज पुनिया ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने की बात कही। कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना सभी की जिम्मेदारी है और जरूरतमंद लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।

हेतमापुर पहुंचे डीएमएसपी, बचाव कार्यों का लिया जायजा

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने तहसील रामनगर के सरयू नदी के कटान से प्रभावित ग्राम हेतमापुर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ खंड द्वारा कटान रोकने और प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड शशिकान्त सिंह ने अब तक किए गए सुरक्षात्मक कार्यों और कटान नियंत्रण के लिए जारी प्रयासों के बारे में अधिकारियों को बताया।

कटान रोकना प्राथमिकता : डीएम

जिलाधिकारी ने कहा कि कटान को न्यूनतम स्तर तक सीमित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे मुस्तैद रहने सतर्कता बरतने और स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता को निर्देशित किया कि कटान से क्षतिग्रस्त मकानों वाले ग्रामीणों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

प्रभावितों को मिलेगा पक्का मकान

प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास के लिए भूमि चिह्नित कर पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे देने तथा सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए। साथ ही राहत सामग्री और भोजन की व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता बाढ़ प्रभाकर प्रसाद, अधीक्षण अभियंता डीके वर्मा, उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड शशिकान्त सिंह, तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply