
लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय क्रिकेटर मो. शमी के भाई व रणजी खिलाड़ी मो. कैफ पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी के बड़े भाई मो. हसीब पर भी धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने 31 अगस्त को आशियाना थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल दूसरे शहर और प्रांत का बताकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि युवती की तहरीर पर आशियाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता ने बताया कि पारिवारिक मित्र के जरिए अमरोहा के डिडौली निवासी मो.कैफ से वर्ष 2020 में गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित एटीएस अपार्टमेंट मुलाकात हुई थी। इसके बाद पीड़िता और कैफ की मुलाकातें होने लगी। अगस्त 2023 में मो. कैफ ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इसपर पीड़िता ने उसे बताया था कि वह तलाकशुदा हैं और उसका एक बेटा भी है।
इसके बाद भी कैफ ने उसके अतीत से कोई आपत्ति नहीं होने की बात कही। 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उन्हें कोलकाता के बंदलगुडा स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। युवती का आरोप है कि वहां शादी करने का दावा करते हुए कैफ ने दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि वह दिल्ली की एक एविएशन कंपनी में केबिन क्रू की नौकरी करती थीं। मो. कैफ ने दबाव डालकर उसकी नौकरी छुड़वा दी।
मामले की जांच जारी
आशियाना निवासी महिला के मुताबिक वर्ष 2020 में वह एनसीआर में रहती थी। पति से तलाक के बाद बेटे के साथ जीवन यापन कर रही थी। आरोप है कि उक्त घटना के बाद से आरापी कैफ ने कई बार दबाव बनाकर यौन शोषण किया। पीड़िता ने बताया कि कैफ ने आश्वासन दिया था कि आईपीएल 2025 नीलामी में चयन होने के बाद वह शादी कर लेगा। वर्ष 2025 आईपीएल होने के बाद भी कैफ ने उनसे शादी नहीं की। जनवरी 2026 में उन्होंने दोबारा शादी के संबंध में कैफ से बात की, जिसके बाद आरोपी ने बातचीत बंद कर दूरी बनानी शुरु कर दी । पीड़िता ने बताया कि 7 मार्च 2026 को कैफ के बड़े भाई मो. हसीब को फोन कर अपनी आपबीती बताई। हसीब ने कैफ से बात करके जानकारी देने का आश्वासन दिया।
अमरोहा बुलाकर बड़े भाई ने धमकाया
पीड़िता ने दावा किया कि परेशान होकर उन्होंने 29 अप्रैल 2026 को एक स्पोर्ट्स चैनल के पॉडकास्ट में अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद 9 मई 2026 को कैफ ने उन्हें फोन कर पॉडकास्ट हटवाने की बात कही। कहा कि परिवार के लोगों से शादी के संबंध में बात कर ली है और उन्हें कोलकाता के बंदलगुड़ा स्थित होटल में फिर मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता का दावा है कि वह वहां दो दिन रुकीं। इस दौरान कैफ ने उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद अमरोहा में रहने वाले एक क्रिकेट कोच ने उन्हें फोन किया। कोच ने बताया कि हसीब ने कहा है कि उनकी मां उससे मिलना चाहती हैं। आरोप है कि अमरोहा पहुंचने पर हसीब ने उन्हें शांत रहने के लिए धमकाया और कहा कि उन लोगों की पहुंच बहुत ऊपर तक है और वह उनका कुछ नहीं कर पाएंगी।
गाजियाबाद, अमरोहा और कोलकाता में की थी शिकायत
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने 30 मई 2026 को कैफ को कॉल कर पूरे मामले की जानकारी दी। आरोप है कि कैफ ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। यौन शोषण की शिकायत पीड़िता ने गाजियाबाद, अमरोहा और कोलकाता पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने लखनऊ के आशियाना और विभूतिखंड थाने में भी तहरीर दी। उन्होंने डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा से मुलाकात कर भी शिकायत की थी।



