शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक बड़ी खबर है. लंबे समय से जिस नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आईपीओ का इंतजार किया जा रहा था, वो अब दस्तक देने वाला है. 17 सितंबर से ये महाआईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुल जाएगा. करीब 22 हजार करोड़ रुपये के इस इश्यू को लेकर बाजार में काफी हलचल है. निवेशकों के मन में कई तरह के सवाल चल रहे हैं कि इसमें कौन पैसा लगा सकता है, पुराने शेयरधारकों का क्या होगा, लिस्टिंग कहां होगी. यहां आपको सभी सवालों का जवाब मिलेगा.

पुराने शेयरधारकों के लिए क्या हैं नियम
इस आईपीओ को लेकर सबसे बड़ा सवाल पुराने निवेशकों की तरफ से आ रहा है. अगर आपके पास पहले से एनसई के शेयर हैं, तो आप भी आम निवेशकों की तरह ही इसमें बोली लगा सकते हैं. आप अपनी योग्यता के हिसाब से रिटेल, नॉनइंस्टीट्यूशनल या क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं. लेकिन ध्यान रखने वाली बात ये है कि पुराने शेयरधारकों के लिए कोई अलग से रिजर्वेशन या कोटा नहीं रखा गया है. साथ ही आपको रेगुलेटरी लिमिट का भी पालन करना होगा.
पैसा कंपनी के पास नहीं जाएगा
ये इस इश्यू का एक बहुत ही अहम पहलू है जिसे समझना जरूरी है. 22 हजार करोड़ रुपये का ये पूरा आईपीओ पूरी तरह से ‘ऑफर फॉर सेल’ है. इसमें 12,64,36,650 इक्विटी शेयर बेचे जा रहे हैं जिनकी फेस वैल्यू 1 रुपये है. इसका सीधा मतलब ये है कि कंपनी कोई नया शेयर जारी नहीं कर रही है. जो बड़े निवेशक पहले से कंपनी में हिस्सेदार हैं, वो अपने शेयर बेचकर बाहर निकल रहे हैं. इनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, न्यू इंडिया एश्योरेंस, कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड जैसी बड़ी संस्थाएं शामिल हैं. इसलिए आईपीओ से मिलने वाला पैसा सीधे इन बेचने वाले शेयरधारकों की जेब में जाएगा, ना कि एनसई के पास.
सिर्फ बीएसई पर लिस्टिंग की वजह
शायद ये सुनकर आपको थोड़ा अजीब लगे कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का शेयर खुद एनसई पर लिस्ट नहीं होगा. इसकी लिस्टिंग सिर्फ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर की जाएगी. इसके पीछे एक कड़ा कानूनी नियम है. सिक्योरिटीज कॉन्ट्रैक्ट्स रेगुलेशन के तहत कोई भी मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज अपने खुद के ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर अपने शेयरों की खरीदफरोख्त नहीं करवा सकता. यही कारण है कि इसे बीएसई पर लिस्ट किया जा रहा है.
कर्मचारियों के लिए खास छूट
आम निवेशकों के साथसाथ कंपनी ने अपने कर्मचारियों का भी ध्यान रखा है. एनसई के कर्मचारियों के लिए 70 करोड़ रुपये का अलग से कोटा रिजर्व किया गया है. योग्य कर्मचारी अधिकतम 5 लाख रुपये तक के शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा रिटेल निवेशकों के लिए इश्यू का 35 फीसदी हिस्सा रिजर्व है. एक रिटेल निवेशक अधिकतम 2 लाख रुपये तक का दांव लगा सकता है.



