Rae Bareli Murder Case: रायबरेली में ग्राम प्रधान के बेटे की पीटपीटकर हत्या के मामले में एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. वायरल वीडियो में आरोपी कथित तौर पर पुलिस से शिकायत किए जाने और शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने की बात कहता नजर आ रहा है.

वीडियो में यह बात भी सामने आती है कि अगर शिकायत के बाद भी मामला नहीं माना गया तो उसे मार देने की बात कही गई थी. हालांकि, पुलिस ने बताया कि उनकी तरफ से ऐसी कोई बात नहीं कही गई. पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है. पूरा मामला बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव का है. यहां हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव निवासी रमाकांत की पीटपीटकर हत्या कर दी गई थी.
हत्या के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मामले में मृतक की प्रेमिका सोनी, उसके पति सुरेंद्र और देवर वीरेंद्र को गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि रमाकांत और सोनी के बीच प्रेम संबंध थे. आरोप है कि सोनी ने फोन कर रमाकांत को मिलने के लिए अपने गांव खैरहनी बुलाया था. रमाकांत के गांव पहुंचने के बाद कथित तौर पर सोनी ने अपने पति सुरेंद्र और देवर वीरेंद्र के साथ मिलकर उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि सोनी ने रमाकांत पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया था. इसी विवाद के बीच दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था. अब हत्या के बाद सामने आए वायरल वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है. वायरल वीडियो में कथित आरोपी की ओर से शिकायत और पुलिस से कार्रवाई की मांग किए जाने का जिक्र किया गया है.
वीडियो वायरल होने के बाद उठे ये सवाल
वीडियो में कथित तौर पर यह भी कहा गया कि यदि पुलिस ने शिकायत नहीं मानी तो रमाकांत को मार दिया जाए. वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या हत्या से पहले पुलिस को किसी तरह की शिकायत दी गई थी और यदि शिकायत दी गई थी तो उस पर क्या कार्रवाई हुई. फिलहाल पुलिस ने प्रेमिका सोनी, उसके पति सुरेंद्र और देवर वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है. हत्या के पीछे प्रेम संबंध, कथित उत्पीड़न और पहले से चल रहे विवाद की सभी कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.



