Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में मंगलवार सुबह चैंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुट आमनेसामने आ गए. नए चैंबर बनाए जाने के विरोध में एक पक्ष के अधिवक्ताओं ने हंगामा किया. इसी दौरान निर्माण कार्य से संबंधित शिलापट तोड़ दिया गया और चैंबर के लिए लाई गई निर्माण सामग्री को भी उठाकर फेंक दिया गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए कचहरी परिसर में तनाव का माहौल बन गया.

बताया जा रहा है कि बार एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में नए चैंबर निर्माण का काम चल रहा था. इसी निर्माण को लेकर कुछ अधिवक्ता पहले से आपत्ति जता रहे थे. उनका कहना था कि चैंबर निर्माण को लेकर बार में पहले से मतभेद की स्थिति बनी हुई है. मंगलवार सुबह विरोध करने वाले अधिवक्ता कार्यालय परिसर में पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया.
विरोध के दौरान तोड़ा शिलापट
हंगामे के दौरान मामला उस समय और गरमा गया, जब गुस्साए अधिवक्ताओं ने निर्माण कार्य से जुड़े शिलापट को तोड़ दिया. इसके बाद निर्माण के लिए लाई गई सामग्री को भी उठाकर फेंक दिया गया. इससे परिसर में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में है.
बताया जा रहा है कि चैंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं के बीच पहले से मतभेद चल रहे थे. मंगलवार की घटना के बाद यह विवाद एक बार फिर सामने आ गया. सूचना मिलने पर बार के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया.
पुलिस को नहीं मिली कोई शिकायत
मामले में सूरजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को घटना को लेकर अभी तक कोई सूचना या शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि यह वकीलों के बीच का आपसी मामला था, जिसे बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है. थाना प्रभारी के मुताबिक परिसर में लाइब्रेरी निर्माण का काम चल रहा था, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया था.
फिलहाल पुलिस के अनुसार मामले में कानूनव्यवस्था से जुड़ी कोई शिकायत सामने नहीं आई है और स्थिति शांत है. वहीं, बार एसोसिएशन की ओर से घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है.



