कावासाकी ने भारत में अपनी क्रूजर बाइक 2027 Kawasaki Vulcan S को लॉन्च कर दिया है. इसकी एक्सशोरूम कीमत ₹8.23 लाख रखी गई है. नई बाइक की कीमत पिछले मॉडल यानी 2026 Vulcan S से करीब ₹10,000 ज्यादा है. कीमत बढ़ने के बावजूद बाइक में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं. कंपनी ने इंजन को लगभग पहले जैसा ही रखा है, लेकिन टॉर्क आउटपुट में मामूली बढ़ोतरी की गई है. इसके अलावा ब्रेक डिस्क के साइज में बदलाव और नया कलर ऑप्शन दिया गया है. नई Vulcan S की डिलीवरी जल्द शुरू होने की उम्मीद है.

इंजन और टॉर्क में बदलाव
2027 Kawasaki Vulcan S में पहले की तरह 649cc पैरेललट्विन इंजन मिलता है. यह इंजन 59.1 bhp की पावर और 62.4 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. पावर आउटपुट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, 2026 मॉडल में मिलने वाले 61 Nm टॉर्क के मुकाबले नए मॉडल में टॉर्क 1.4 Nm बढ़ गया है. इंजन की पावर और टॉर्क डिलीवरी रेंज में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी बाइक के परफॉर्मेंस कैरेक्टर में बहुत बड़ा अंतर देखने को नहीं मिलेगा.
फीचर्स में ज्यादा बदलाव नहीं
नई Vulcan S में फीचर्स की लिस्ट भी लगभग पहले जैसी है. इसमें एनालॉगडिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. बाइक में डुअलचैनल ABS भी दिया गया है. इसके अलावा कोई बड़ा इलेक्ट्रॉनिक राइडर एड्स नहीं मिलता.
ब्रेक डिस्क हुई छोटी
2027 मॉडल में ब्रेकिंग सिस्टम में एक अहम बदलाव किया गया है. बाइक में आगे और पीछे दोनों तरफ डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, लेकिन दोनों डिस्क के आकार को कम किया गया है. आगे की डिस्क अब 272mm की है, जबकि 2026 मॉडल में 300mm की डिस्क मिलती थी. वहीं पीछे की डिस्क को 250mm से घटाकर 216mm कर दिया गया है.
सस्पेंशन और सीट हाइट
बाइक में 41mm फ्रंट फोर्क दिया गया है, जिसमें 130mm ट्रैवल मिलता है. पीछे लिंकटाइप मोनोशॉक दिया गया है, जिसमें 80mm ट्रैवल और प्रीलोड एडजस्टमेंट की सुविधा है. Vulcan S की सीट हाइट 705mm है, जो इसे छोटे कद वाले राइडर्स के लिए भी आसान बनाती है. हालांकि, इसका ग्राउंड क्लीयरेंस सिर्फ 130mm है. बाइक का कर्ब वजन 235kg है.
नया कलर ऑप्शन
2027 Kawasaki Vulcan S में नया पेंट स्कीम भी दिया गया है. कंपनी ने पुराने Metallic Flat Spark Black कलर की जगह Metallic Carbon Grey कलर पेश किया है. इसमें हल्के ब्लूग्रीन हाइलाइट्स दिए गए हैं. भारतीय बाजार में Vulcan S का कोई सीधा मुकाबला नहीं है. हालांकि, Royal Enfield Super Meteor 650 को इसका प्रमुख विकल्प माना जा सकता है, जिसकी कीमत करीब ₹4.05 लाख एक्सशोरूम है। यानी दोनों की कीमत में काफी बड़ा अंतर है.

-1789383262307_v.webp)

