
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो आरोपितों सुमित और मोहित की मुठभेड़ में हुई मौत के मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। जांच के लिए एसडीएम सदर को नामित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गत 26 अगस्त की शाम शहर के मोहल्ला आर्यपुरी नाला पटरी पर चार बदमाशों ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह निकट स्थित एक जिम से अपनी गाड़ी में बैठने जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दी थीं। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
31 अगस्त की मुठभेड़ में मारे गए थे दो आरोपित
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों सुमित पुत्र धर्मपाल, निवासी गली नंबर छह, ऋषिकुंज कॉलोनी, थाना सिटी, जिला सोनीपत, हरियाणा, हाल निवासी कुंडली, जिला सोनीपत तथा मोहित उर्फ पंडित पुत्र महेश शर्मा, निवासी बाईयापुर, थाना सदर, जिला सोनीपत, हरियाणा को 31 अगस्त को हुई मुठभेड़ में मार गिराया था। मुठभेड़ की घटना को लेकर जिलाधिकारी आलोक यादव ने मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद एसडीएम सदर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
14 अक्तूबर तक दर्ज करा सकते हैं बयान
एसडीएम सदर ने कहा है कि घटना के संबंध में किसी भी व्यक्ति के पास कोई जानकारी हो तो वह 14 अक्तूबर तक एसडीएम सदर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करा सकता है। गौरतलब है कि अंकित बालियान हत्याकांड में दो आरोपित मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं, जबकि दो अन्य आरोपित अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।



