
लखनऊ। त्रिपुरा के अगरतला से दिल्ली जा रहे इंडिगो के एक विमान को मंगलवार को कार्गो एरिया में धुएं की चेतावनी मिलने के बाद लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे की ओर मोड़कर सुरक्षित उतार लिया गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6ई6504 में धुएं की चेतावनी मिलने के बाद लखनऊ हवाई अड्डे ने तत्काल आपात प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल लागू किए। बयान में बताया गया कि विमान, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन एवं बचाव दल, एम्बुलेंस, चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षा कर्मी और टर्मिनल सहायता टीम तैनात की गईं।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
बयान के मुताबिक, विमान में 103 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। बयान में बताया गया कि विमान को मंगलवार शाम छह बजकर 29 मिनट पर लखनऊ हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई और स्थिति को सुचारू रूप से संभाल लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई हाताहत नहीं हुआ।


