
लखनऊ, अमृत विचारः खाद्य प्रसंस्करण और इससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए शहर में 18 से 20 सितंबर तक इंडिया फूड एक्सपो2026 का आयोजन किया जाएगा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के इस एक्सपो का उद्घाटन 18 सितंबर को सुबह 10 बजे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। गोमतीनगर स्थित रेगेलिया ग्रीन्स, 1090 क्रॉसिंग में होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यमंत्री असीम अरुण भी मौजूद रहेंगे।
आईआईए एक्सपो चेयरमैन विकास खन्ना ने बताया कि एक्सपो में इस बार प्रदेश के अलावा पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत करीब आठ राज्यों के उद्यमी व कारोबारी हिस्सा लेंगे। 130 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिसमें 100 स्टॉल उत्तर प्रदेश के होंगे।
एमएसएमई उद्यमियों को 750 से 1000 करोड़ रुपये के कारोबार का अवसर मिलने की उम्मीद है। एक्सपो का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि उद्यमियों को मशीनरी, कच्चे माल, विशेषज्ञों और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। इसके अलावा युवाओं और नई पीढ़ी को खाद्य प्रसंस्करण और इससे जुड़े उद्योगों की संभावनाओं से परिचित कराने पर भी विशेष जोर रहेगा।
खेती से बाजार तक पूरी प्रक्रिया पर फोकस
‘फार्म टू फोर्क’ थीम पर होने जा रहे इस एक्सपो का उद्देश्य खेती से लेकर खाद्य उत्पादों के बाजार तक पूरी प्रक्रिया से जुड़े उद्यमियों और कारोबारियों को एक मंच पर लाना है। यहां मशीनरी, कच्चे माल, पैकेजिंग, सरकारी सब्सिडी और बैंकिंग सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। आईआईए के कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल ने बताया कि जनवरी 2026 में लखनऊ में आयोजित एक्सपो को कारोबारियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। इसके बाद उद्यमियों की मांग पर सितंबर में दोबारा आयोजन किया जा रहा है।
तीन दिन होंगे तकनीकी और ज्ञानवर्धक सत्र
18 सितंबर को उद्घाटन के बाद वित्तीय सुविधाओं और सरकारी योजनाओं पर तकनीकी सत्र होगा। इसके बाद ‘आइडिया टू स्केल’ विषय पर पैनल चर्चा होगी। 19 सितंबर को फ्रेंचाइजी मॉडल और सफल फ्रेंचाइजिंग के साथ वर्ल्ड क्लास फूड प्रोसेसिंग फैसिलिटी पर सत्र होगा। इसी दिन फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन भी होगा। 20 सितंबर को डॉ. संजय अरोड़ा की ओर से ‘बिल्ड योर ब्रांड, बिल्ड मेगा प्रॉफिट्स’ विषय पर ब्रांडिंग मास्टर क्लास होगी। शाम को समापन समारोह होगा।



