IndiaUttar Pradesh

​बुलंदशहर में किसान की बेरहमी से हत्या, सिर पर धारदार हथियार के वार… सड़क पर मिला शव

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक किसान की हत्या से सनसनी फैल गई. शिकारपुर थाना क्षेत्र के रानाइच गांव में गुरुवार सुबह 45 वर्षीय किसान लालाराम का शव घर के पास गांव के मुख्य चौराहे पर पड़ा मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसान के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. वहीं, शव की एक टांग कटी हुई मिलने की बात भी सामने आई है. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए.

​बुलंदशहर में किसान की बेरहमी से हत्या, सिर पर धारदार हथियार के वार… सड़क पर मिला शव

जानकारी के अनुसार, लालाराम बुधवार रात रोज की तरह खाना खाने के बाद सोने चले गए थे. परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे. परिजनों के मुताबिक रात में सब कुछ सामान्य था. गुरुवार सुबह गांव के लोगों ने घर के पास रास्ते में लालाराम का शव पड़ा देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घर के अंदर मिले खून के निशान

मामले की जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर कमरों और दरवाजे के आसपास खून के निशान मिलने की जानकारी मिली. इसके बाद घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया. टीम ने अलगअलग स्थानों से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. घर के अंदर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लालाराम की हत्या आखिर किस जगह की गई. क्या हत्यारे ने घर के अंदर ही वारदात को अंजाम दिया और बाद में शव को बाहर ले जाकर फेंका? या फिर लालाराम को घर से बाहर बुलाकर उनकी हत्या की गई? पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या के बाद शव को किसी दूसरे स्थान से लाकर घर के पास तो नहीं फेंका गया. इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घर में मौजूद परिजनों को घटना की भनक क्यों नहीं लगी.

CCTV फुटेज और परिजनों से पूछताछ

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और एसपी देहात अंतरिक्ष जैन समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. एसपी देहात अंतरिक्ष कुमार जैन के अनुसार, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है. घर के कमरों में भी खून के निशान मिले हैं. फोरेंसिक टीम ने खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस हत्या के कारण, घटनास्थल और वारदात में शामिल लोगों की पहचान समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजों के बाद हत्या की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply