
लखनऊ, अमृत विचार: आर्थिक संसाधनों की कमी से प्रतिभाशाली युवाओं की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो, इसके लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था से यूपीपीएससी2025 की मुख्य परीक्षा में 74 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। मुख्य परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थी अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण साक्षात्कार में शामिल होंगे।
विभागीय उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी भवन स्थित कोचिंग के 35, अलीगंज स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र के 18 और हापुड़ स्थित राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग केंद्र के 21 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में सफल हुए हैं। विभाग के अनुसार तीनों केंद्रों से मिली सफलता निःशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन व्यवस्था के परिणाम को दर्शाती है।
आठ आवासीय केंद्रों पर सुविधाएं
समाज कल्याण विभाग प्रदेश में आठ आवासीय कोचिंग केंद्र संचालित कर रहा है। अधिकतम छह लाख रुपये वार्षिक आय सीमा वाले पात्र छात्रों को यहां निःशुल्क आवासीय कोचिंग के साथ मेस, पुस्तकालय, इंटरनेट, टेस्ट सीरीज, नोट्स, मनोरंजन, खेलकूद और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के लिए मॉक इंटरव्यू की सुविधा भी दी जाती है।
मंत्री असीम अरुण ने दी शुभकामनाएं
समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों की परवाह किए बिना प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उनके मुताबिक विभागीय केंद्रों से 74 अभ्यर्थियों की सफलता इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।



