Apple iPhone 18 Pro और Pro Max की लॉन्चिंग को लेकर लोगों में उत्साह के बीच चंडीगढ़ में एक अनोखे iPhone लंगर का ऐलान किया गया है. सोशल मीडिया पर्सनैलिटी राकेश त्रेहानइस एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे हैं. इसमें चुनिंदा लोगों को मुफ्त में iPhone 17 दिया जाएगा

राजा डी किंग के नाम से भी पहचाने जाने वाले राकेश त्रेहान के मुताबिक, 22 सितंबर को iPhone लंगर का वितरण लोगों और मीडिया के सामने लाइव किया जाएगा. इस कार्यक्रम में शुरुआत में 1,000 लोगों को शामिल किया जाएगा. इनमें से 10 लकी विजेताओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें मुफ्त iPhone मिलेगा. ध्यान देने वाली बात ये है कि फिलहाल इस आयोजन में सिर्फ चंडीगढ़ और मोहाली के लोगों को विजेता के तौर पर चुना जाएगा. विजेताओं के नाम सभी लोगों के सामने निकाले जाएंगे और उन्हें उसी कार्यक्रम में iPhone दिए जाएंगे.
iPhone 17 से होगी शुरुआत
राकेश त्रेहान ने बताया कि पहले iPhone 16 और iPhone 17 समेत आगे आने वाले मॉडल बांटने की योजना थी. हालांकि, अब iPhone 16 को इस कार्यक्रम से हटा दिया गया है. इसके बाद iPhone 17 या उससे नए मॉडल देने की बात कही गई है. उन्होंने इस बदलाव के पीछे एक खास वजह भी बताई. उनके अनुसार, अगर किसी को iPhone 16 मिलता, तो वह माता जी से शिकायत कर सकता था कि क्या उसकी भक्ति कम थी, इसलिए उसे पुराना मॉडल मिला. इसी वजह से iPhone 16 देने का विचार छोड़ दिया गया.
मुफ्त iPhone जीतने के लिए क्या करना होगा?
मुफ्त iPhone पाने के इच्छुक लोगों के लिए एक शर्त रखी गई है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिभागियों को हर दिन एक बार ‘जय माता दी’ लिखना होगा. अगर कोई व्यक्ति किसी दिन इसे लिखना भूल जाता है, तो अगले दिन दो बार लिखकर इसकी भरपाई कर सकता है. बताया गया है कि इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी और इसी आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा. जो लोग इस शर्त का पालन नहीं करेंगे, उन्हें iPhone नहीं दिया जाएगा.
पंजाब के दूसरे शहरों में भी होगा iPhone वितरण
राकेश त्रेहान ने बताया कि उनकी शुरुआती योजना चंडीगढ़ में 100 और मोहाली में 200 iPhone बांटने की थी. हालांकि, फिलहाल 10 iPhone बांटने से शुरुआत की जाएगी. पीटीआई के अनुसार, आगे पंजाब के 10 अन्य शहरों में भी ऐसे वितरण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है. इन कार्यक्रमों में भी लोगों को मुफ्त iPhone देने की बात कही गई है. कार्यक्रम की घोषणा के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि 22 सितंबर को कितने लोग इसमें शामिल होते हैं और 10 विजेताओं को कौन से iPhone मॉडल मिलते हैं.



