
जनता विहार कालोनी पारा का मामला, पुलिस को भनक तक नहीं
आपूर्ति विभाग ने शुरू की जांच, पारा पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
अमृत विचार। पारा की जनता विहार कालोनी में बाउंड्री से घिरे भूखंड की झोपड़ी में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। रविवार को पुलिस ने छापा मारा तो मौके से 27 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भाग निकला। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की सूचना आपूर्ति विभाग को दी। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सिलेंडरों की जांच शुरू कर दी है।
खाली प्लाट पर चल रहा था अवैध खेल
इंस्पेक्टर पारा सुरेंश सिंह के मुताबिक, जनता विहार कालोनी में एक प्लाट के अंदर बनी झोपड़ी में चोरीछिपे घरेलू सिलेंडरों की रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक विनय पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर वहां मौजूद व्यक्ति भाग गया। टीम ने झोपड़ी और आसपास के हिस्से की तलाशी ली तो 27 भरे घरेलू गैस सिलेंडर रखे मिले। पुलिस ने सिलेंडरों और मौके पर मिली संबंधित सामग्री को कब्जे में ले लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बाद आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। विभागीय टीम ने पहुंचकर सिलेंडरों की स्थिति और उनके इस्तेमाल की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से प्लाट के मालिक और मौके से भागे व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटा रही है। इससे यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि झोपड़ी में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें और कौन लोग शामिल हैं।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल ने बताया कि आपूर्ति विभाग की जांच के बाद तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मौके से फरार व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस ने मौके से 27 सिलेंडर बरामद किए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी। अगर रिफिलिंग के दौरान कोई हादसा होता तो भयानक विस्फोट होते और बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों की मांग है कि इसके पीछे जो भी हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।



