
आरोप है कि युवक छात्रा को मॉल घउमाने के बहान बाइपास इलाके में स्थित एक कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी।
पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला कॉलेज की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा स्नातक प्रथम वर्ष की है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को अभी आरोपी की तलाश है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने रविवार को छात्रा का गर्दनीबाग स्थित सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, शुक्रवार को छात्रा कॉलेज के पास थी। इसी दौरान उसका परिचित युवक उसे मॉल घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक छात्रा को बाइपास इलाके में स्थित एक कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद छात्रा अपने घर पहुंची थी और उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर शास्त्रीनगर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। पुलिस ने छात्रा के आवेदन और बयान के आधार पर जांच शुरू की। छात्रा ने पुलिस को आरोपित का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपित का पता लगाने में जुटी है।
पीड़िता ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष की छात्रा बताई जा रही है। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसकी पहचान एक युवक से थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। पीड़िता ने पुलिस को वो मोबाइल नंबर भी दिया है जिसके जरिए युवक से उसकी बातचीत होती थी। पुलिस अब मोबाइल नंबर के जरिए आरोपी का लोकेशन तलाश रही है।
नौबतपुर : गैंगरेप में फरार आरोपित के घर कुर्की-जब्ती
इधर पटना से ही सटे नौबतपुर इलाके में दो बहनों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने रविवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। पुलिस ने भेलुरा रामपुर निवासी फरार अभियुक्त रविकांत कुमार उर्फ बहारन के घर कुर्की-जब्ती की। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नौबतपुर थाना कांड संख्या 461/26 में की गई है। 19 जून को दो बहनों को जन्मदिन के मौके पर डांस कार्यक्रम में शामिल होने के नाम पर बुलाया गया था। आरोप है कि वहां बदमाशों ने दोनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के कथित मास्टरमाइंड समेत सात आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस मामले में रविकांत कुमार उर्फ बहारन और आकाश कुमार फरार हैं। पुलिस दोनों फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।



