Solapur Crime News: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. जहां 70 साल की उम्र में एक बुजुर्ग महिला ने अनैतिक प्रेम प्रसंग के चलते अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर डाली. फिर पहचान छिपाने के लिए उसके शव को जला दिया. घटना के करीब डेढ़ महीने बाद बेटियों से हुए DNA मैचिंग के जरिए मृतक की शिनाख्त हुई, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी वृद्धा मंगल होनमाने को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस जांच में सामने आया कि पंढरपुर के रहने वाले 70 वर्षीय अंबदास खांडेकर और मंगल होनमाने का पिछले कुछ सालों से अफेयर था. दोनों ही बुजुर्ग थे. 27 जुलाई को किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया. गुस्से में आकर मंगल अज्जी ने अंबदास की हत्या कर दी. इसके बाद अपराध पर पर्दा डालने और सबूत मिटाने की नियत से शव को गांव के सुनसान इलाके में ले जाकर जला दिया.
खेत में मिला अधजला शव, DNA जांच से खुली गुत्थी
घटना के कुछ दिनों बाद, 2 अगस्त को गांव के कुछ किसानों को खेत के पास एक अधजला अज्ञात शव मिला. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. शव की हालत इतनी खराब थी कि सीधे पहचान करना संभव नहीं था. शुरुआती जांच में गायब चल रहे अंबदास खांडेकर पर संदेह जताया गया. इसके बाद पुलिस ने अंबदास की दोनों बेटियों के सैंपल लेकर डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए भेजे. डेढ़ महीने बाद आई रिपोर्ट में डीएनए मैच हो गया, जिससे आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो गई कि शव अंबदास का ही था.
आरोपी महिला गिरफ्तार, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
शव की पहचान पक्की होते ही सोलापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला मंगल होनमाने को हिरासत में ले लिया. कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. हालांकि, दोनों बुजुर्गों के बीच किस बात को लेकर इतना बड़ा झगड़ा हुआ कि बात कत्ल तक पहुंच गई, इसकी मुख्य वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आरोपी महिला से रिमांड के दौरान पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है.



