IndiaUttar Pradesh

​कहीं स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग तो कहीं नर्सिंग छात्रा की मौत पर हंगामा… लखनऊ में प्रदर्शन

लखनऊ में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े तीन अलगअलग मामलों ने सोमवार देर रात और मंगलवार को प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी. एक तरफ स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आयुष इंटर्न डॉक्टर जीपीओ पर प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें देर रात पुलिस ने हटाया. दूसरी तरफ केजीएमयू में नर्सिंग छात्रा की मौत के बाद छात्रछात्राओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं, आरएमएल में सफाई कर्मचारियों ने मारपीट के आरोप के बाद काम रोककर कार्रवाई की मांग की है.

​कहीं स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग तो कहीं नर्सिंग छात्रा की मौत पर हंगामा… लखनऊ में प्रदर्शन

आयुष इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन, देर रात पुलिस ने हटाया

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आयुष इंटर्न डॉक्टर कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. सोमवार को हजरतगंज स्थित जीपीओ पर बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर जुटे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. रात में प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद हो गया. डॉक्टरों का आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे निहत्थे डॉक्टरों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया. प्रदर्शनकारियों ने कई डॉक्टरों को घसीटे जाने का भी आरोप लगाया.

आयुष इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड को मौजूदा 7,500 रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति महीने करने की मांग कर रहे हैं. इससे पहले भी प्रदर्शन के दौरान पुलिस और डॉक्टरों के बीच टकराव की स्थिति सामने आ चुकी है. एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दरोगा डॉक्टरों को धमकी दे रहा था. डॉक्टरों का कहना है कि महंगाई के मौजूदा दौर में उन्हें मिलने वाला स्टाइपेंड बेहद कम है और लंबे समय से इसमें बढ़ोतरी की मांग की जा रही है.

केजीएमयू में नर्सिंग छात्रा की मौत

लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग की छात्रा दिव्यांशी यादव की मौत के बाद छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. द्वितीय वर्ष की छात्रा दिव्यांशी की 19 सितंबर को डेंगू से मौत हुई थी. इसके बाद बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्रछात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. छात्रों का आरोप है कि बीमार होने के बावजूद छात्रा को पर्याप्त छुट्टी नहीं दी गई और उस पर काम तथा ड्यूटी का दबाव रहा.

नर्सिंग छात्राओं का प्रदर्शन जारी

छात्रों ने नर्सिंग विभाग का घेराव करते हुए जिम्मेदारी तय करने और प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है. प्रदर्शन के बीच नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल सूचना राय भौमिक ने इस्तीफा दे दिया, लेकिन इसके बाद भी छात्रों का आंदोलन खत्म नहीं हुआ. छात्र अब नर्सिंग की डीन डॉ. अमिता पांडेय मिश्रा के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं. छात्रों का यह भी दावा है कि छात्रावास में रहने वाले कई अन्य नर्सिंग छात्र अभी भी बीमार हैं.

लोहिया संस्थान में स्वीपरों की हड़ताल

तीसरा मामला डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से जुड़ा है, जहां सफाई कर्मचारियों ने काम रोक दिया है. दरअसल, सोमवार को संस्थान की आपातकालीन इकाई के शौचालय में एक नवजात मिला था. सफाई कर्मचारियों ने बच्चे को देखा और डॉक्टरों को इसकी सूचना दी. बाद में नवजात की मौत हो गई. संस्थान प्रशासन के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है.

इसी मामले के बाद सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नवजात मिलने की सूचना अधिकारियों को देने के बाद सुरक्षा से जुड़े कर्मचारियों ने एक स्वीपर के साथ मारपीट की. कर्मचारियों का आरोप है कि सूचना देने से नाराज होकर उसके साथ मारपीट की गई. इसी के विरोध में सभी स्वीपरों ने काम रोक दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply