जमुई में छात्रा के साथ छेड़खानी और शर्मनाक हरकत करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है . यह घटना जमुई जिले की है, जहां पुलिस ने मुख्य आरोपी को मड़वा पहाड़ी के पास घेरकर उसके पैर में गोली मार दी|

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर की शाम जमुई जिले में मड़वा पहाड़ी के पास एक छात्रा के साथ छेड़खानी की शर्मनाक घटना हुई थी. इस मामले में मुंह पर गमछा बांधकर छात्रा को उठाकर जंगल की तरफ ले जाने की कोशिश करने वाले आरोपियों में मुख्य रूप से नंदन यादव का नाम सामने आया था. इस घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में कुल 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें से 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था.
पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़
इस मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी नंदन जमुई में ही कहीं छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकाने यानी मड़वा पहाड़ी के इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी.
पुलिस के मुताबिक, जब नंदन यादव ने वहां से भागने की कोशिश की, तो उसे रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई. यह गोली सीधे नंदन यादव के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की भी लगातार तलाश कर रही है . पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और ऐसी शर्मनाक वारदातों को अंजाम देने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा .



