
बलरामपुर ,अमृत विचार : गणेश प्रतिमा विसर्जन के जुलूस में तेज आवाज में बज रहे डीजे के बीच स्कूल में पढ़ रही 7 वर्षीय कक्षा दो की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत की घटना ने धार्मिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण तथा प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर के एक निजी स्कूल की कक्षा दो की छात्रा वैष्नवी तिवारी सोमवार को कक्षा में पढ़ रही थी। इसी दौरान स्कूल के पास से गणेश विसर्जन का जुलूस गुजरा। बताया जा रहा है कि जुलूस में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के असहज होकर गिरने की तस्वीरें सामने आई हैं। शिक्षक उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हालांकि बच्ची की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण अभी सामने नहीं आया है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। लेकिन घटना के बाद तेज आवाज में बज रहे डीजे को लेकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
परिवार का दर्द और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठते गंभीर सवाल
वैष्नवी के पिता सोनू तिवारी नगर में किराये के मकान में रहकर बेटी की पढ़ाई करा रहे थे। घटना के बाद परिजन शव लेकर सिद्धार्थनगर के पैतृक गांव गुलहरिया गंगापुर चले गए, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजन फिलहाल मीडिया से बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं । घटना ने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। धार्मिक आयोजनों और जुलूसों को अनुमति देने के साथ ध्वनि मानकों का पालन कराने की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या जुलूस मार्ग में स्कूल, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया था? क्या डीजे की आवाज निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए गए थे और उनका पालन कराया गया?
क्या नियमों के पालन के लिए किसी और हादसे का इंतजार करेगा प्रशासन?
धार्मिक आयोजन होने का अर्थ यह नहीं कि ध्वनि संबंधी नियमों से छूट मिल जाए। ऐसे में आयोजकों को भी उत्सव के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभानी होगी और प्रशासन को नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। आस्था अपनी जगह है, उत्सव अपनी जगह, लेकिन किसी की जिंदगी और सुकून से बड़ा कोई जश्न नहीं हो सकता। वैष्नवी की मौत का कारण जांच में सामने आएगा, मगर घटना ने इतना जरूर पूछ दिया है कि अगली बार प्रशासन और आयोजक नियमों के पालन के लिए किसी और हादसे का इंतजार तो नहीं करेंगे? इस संबंध में नगर क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस घटना का स्वतः संज्ञान लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



