
जमुई कांड के बीच मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल से युवती को अगवा कर मोतिहारी ले जाकर रेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती को झांसा देकर ले गया था।
बिहार के जमुई जिले में छात्रा से बीच सड़क घिनौनी हरकत का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा कि अब युवती से दुष्कर्म का एक और शर्मनाक कांड सामने आ गया है। मुजफ्फरपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) से एक युवती को युवक अगवा कर मोतिहारी ले गया। उसने मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के छतरौनी थाना क्षेत्र में एक किराये के कमरे में युवती को बंधक बना दिया और फिर रेप किया। लड़की के पिता की शिकायत पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने छानबीन की और पीड़िता को सोमवार देर रात बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, युवती 19 सितंबर को अस्पताल से गायब हुई थी। युवती के पिता ने एसकेएमसीएच ओपी पुलिस को 20 सितंबर को शिकायत दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक अज्ञात युवक पीड़िता को अपने साथ ले जाता हुआ नजर आया। इसके बाद मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर एक जांच टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान कर ली।
युवती को दिया झांसा
मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने मंगलवार को बताया कि युवती को अगवा कर रेप करने वाले आरोपी का नाम सोनू सिंह है। उसने पीड़िता को झांसे में लिया कि वह उसके पिता के ससुराल की तरफ से आया है। कुछ पैसे का झांसा भी उसके दिया। इसके बाद वह युवती को लेकर वहां से मोतिहारी चला गया। फिर बंधक बनाकर उसका रेप किया। पीड़िता सीतामढ़ी जिले की रहने वाली है।
टीबी का इलाज कराने आया था
बताया जा रहा है कि आरोपी टीबी का मरीज है। वह इलाज कराने मुजफ्फरपुर आया था और एसकेएमसीएच में भर्ती हुआ था। इसी दौरान वह मेडिकल कॉलेज परिसर से पीड़िता को बहला-फुसलाकर ले गया।
जमुई में छात्रा से सरेआम अश्लील हरकत
जमुई में बीते शनिवार को मड़वा पहाड़ी के पास एक नाबालिग छात्रा से मनचलों ने सरेआम अश्लील हरकत और छेड़खानी की। इसका वीडियो वायरल हो गया, तो पुलिस ऐक्शन में आई। पुलिस ने इस केस में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद पकड़ा। यह मामला बिहार समेत देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मुजफ्फरपुर में दो छात्राओं से छेड़खानी
एक दिन पहले ही मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज थाना क्षेत्र में परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं के साथ बाइक सवार मनचलों ने सरेआम छेड़खानी की। जब लड़कियों ने विरोध किया तो उन्हें ब्लेड मारकर घायल कर दिया। राहगीर वहां पहुंचे तो बदमाश वहां से फरार हो गए।



