
मुजफ्फरपुर में बजाज एलियांज के रीजनल मैनेजर सौरभ कुमार का शव जहानाबाद जिले में रेलवे ट्रैक के पास टुकड़ों में पाया गया। उनके मोबाइल फोन से सिम कार्ड और डेटा गायब कर दिया गया। हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बिहार के जहानाबाद जिले में बजाज एलियांज फाइनेंस कंपनी के रीजनल मैनेजर सौरभ कुमार की रेलवे ट्रैक के पास लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मैनेजर का सिर धड़ से अलग हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। टुकड़े रेलवे ट्रैक पर बिखड़े पड़े मिले। प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान जहानाबाद शहर के लाल मंदिर के सामने पंचवटी निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। उनके पिता विजय नंदन स्टांप वेंडर हैं। सौरभ मुजफ्फरपुर में बजाज एलियांज कंपनी में रीजनल मैनेजर के तौर पर काम करते थे। पुलिस को शव के पास ही मोबाइल फोन मिला, लेकिन उसका सिम कार्ड और डेटा गायब है।
सौरभ का शव भेलावर थाना क्षेत्र के नौरू गांव के समीप पटना-गया रेलखंड पर मई रेलवे गुमटी से उत्तर अप लाइन के पोल संख्या 50/23 के पास पड़ा मिला। उनके पैंट की जेब से मिले पर्स, आई कार्ड और कपड़ों से परिजनों ने शव की पहचान की। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के अलावा उनके कई शुभचिंतक घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पाकर परस विगहा और भेलावर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। भेलावर थाने की पुलिस ने शव को उठवाकर जहानाबाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिजन ने कहा कि किसी अपराधी ने हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर ले जाकर रख दिया, ताकि इसे हादसे का रूप दिया जा सके।
सौरभ कुमार की स्कूटी रेलवे लाइन से थोड़ी ही दूर उत्तर सड़क पर लावारिस हालत में मिली। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में हत्या कर शव को रेलवे लाइन पर रख देने का जिक्र किया गया है।
परस विगहा के थानाध्यक्ष सर्वनारायण, भेलावर थानाध्यक्ष ललित कुमार एवं एसआई चंदन कुमार शव स्थल के पास पहुंचकर मामले की प्रथम तहकीकात की। फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर अनुसंधान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर से जहानाबाद स्कूटी से आए थे
मृतक के पिता और स्टाम्प वेंडर विजय नंदन सिन्हा ने बताया कि उनका बेटा सौरभ उर्फ चुल्लू मुजफ्फरपुर स्थित बजाज एलियांज कंपनी में रीजनल मैनेजर के पद पर काम करता था। एक दिन पूर्व सोमवार की शाम करीब पांच बजे वह मुजफ्फरपुर से ही स्कूटी पर सवार होकर जहानाबाद स्थित अपने घर आया।
दोस्त से मिलने का कहकर घर से निकले
पिता ने बताया कि सौरभ ने मां से नाश्ता मांगा और नाश्ता करने के महज कुछ ही देर बाद शाम में ही वह गांधी मैदान इलाके में अपने दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकल गया। इसके बाद सौरभ घर नहीं लौटा।
काफी देर हो जाने पर परिजन ने खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह नौरु गांव के समीप रेलवे लाइन पर एक शव के पड़े रहने का शोर मचा। सूचना पाकर परिवार के लोग गए और फिर अपने शव की सौरभ के तौर पर पहचान की।
मोबाइल फोन से सिम कार्ड गायब, डेटा डिलीट
रीजनल मैनेजर सौरभ कुमार जहानाबाद स्थित अपने घर आने के बाद गांधी मैदान इलाके में रहने वाले अपने किस दोस्त से मिलने गए थे, यह जांच का विषय है। गौर करने वाली बात यह है कि रेलवे लाइन के जिस जगह पर उनका शव पड़ा मिला, उससे कुछ ही दूर सड़क पर उनकी स्कूटी खड़ी हालत में मिली। जांच के दौरान पुलिस को उनके पास से मोबाइल फोन भी मिला है, लेकिन उसका सिम कार्ड गायब है। मोबाइल फोन के सारे डेटा डिलीट किए जा चुके हैं।
इन सब स्थितियों से आशंका जताई गई है कि किसी ने सौरभ की हत्या की और नाटकीय ढंग से उनके शव को रेलवे लाइन पर ले जाकर रख दिया गया ताकि इसे आत्महत्या या दुर्घटना का रूप दिया जा सके। पुलिस के अनुसार युवक के बाएं हाथ का केहुनी और कलाई के बीच का भाग टूटा हुआ था। पूरे मामले का तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा है।



