
बाराबंकी, अमृत विचार : पलिया मसूदपुर में वंश ग्रुप की इकाई फिशगोल्ड इंडस्ट्रीज प्रा. लि. का उद्घाटन बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इकाई में पशु आहार, मत्स्य आहार, मुर्गी दाना एवं संबंधित उत्पादों का उत्पादन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में फिशगोल्ड इंडस्ट्रीज प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक हेम करन माथुर ने कहा कि औद्योगिक इकाई की स्थापना से बाराबंकी के शिक्षित युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
ग्रामीण क्षेत्र के मध्यमवर्गीय परिवारों और किसानों को भी रोजगार के साथ आर्थिक गतिविधियों का लाभ मिलेगा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस फैक्ट्री के उत्पादों के माध्यम से प्रदेश में हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की औद्योगिक इकाइयों से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने के साथ किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही युवाओं के लिये रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवध क्षेत्र भाजपा अवधेश द्विवेदी, राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा पीके वर्मा, सदस्य विधान परिषद सुरेंद्र चौधरी, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे। फिशगोल्ड इंडस्ट्रीज वंश ग्रुप की इकाई है।
सपाकांग्रेस सत्ता की भूखी, जनता से कोई सरोकार नहीं: ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में सपाकांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला। ब्रजेश पाठक ने सपाकांग्रेस गठबंधन को ‘सत्ता के भूखे लोगों का समूह’ बताते हुए कहा कि इन दलों को प्रदेश की तरक्की और जनता के सरोकारों से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में गुंडई, अराजकता और ‘वन डिस्ट्रिक्टवन माफिया’ का बोलबाला था, जबकि भाजपा सरकार में कानून का राज कायम है और हर नागरिक को सम्मान से जीने का अधिकार मिल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने किसान हित में सरकार के कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भूमि विकास बैंक के माध्यम से जरूरतमंद किसानों को छह प्रतिशत की न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में यह बड़ा कदम है। सपा पर तंज कसते हुए पाठक ने कहा कि पिछली सरकार में ‘किसान कोऑपरेटिव सोसाइटी’ के बजाय ‘कट्टा सोसाइटी’ चलती थी। आरोप लगाया कि उस दौर में युवाओं के हाथों में तमंचे और असलहे थमाए जाते थे, जबकि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और किसानों समेत हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है।
क्षेत्रवासियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं : ब्रजेश पाठक
हैदरगढ़ रोड स्थित मजीठा गांव के पास सिद्धू फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि नया पेट्रोल पंप क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र के विकास में भी योगदान देगा। पेट्रोल पंप संचालक एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष जयदीप सिंह सिद्धू तथा भाजपा जिला मंत्री गुरदीप सिंह सिद्धू ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा समेत भाजपा पदाधिकारियों व नेताओं का स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व सांसद व प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र रावत, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, भाजपा नेता विवेक वर्मा, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, एसडीएम गुंजिता अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एएसपी विवेक तिवारी, सीओ संगम कुमार, आलोक पाठक, समीर सिंह, शक्ति सिंह और डीएसओ राकेश तिवारी समेत तमाम गणमान्य मौजूद रहे।



