
साल 6000 से लौटने का दावा करने वाले एक शख्स ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. AI की हुकूमत, सिकुड़ने वाली तकनीक और 2028 में टाइम ट्रैवल के खुलासे का सच जानिए.
‘Time Traveler’ From Year 6000 Weird Claim: इंटरनेट पर इन दिनों एक अजीब दावा वायरल हो रहा है. एक शख्स ने अपना चेहरा छिपाकर और आवाज बदलकर कहा है कि वह साल 6000 से आया है. यानी वह 4000 साल आगे से समय में सफर करके लौटा है. सबूत के तौर पर उसने एक धुंधली तस्वीर दिखाई है. उसकी इस कहानी को सुनकर सोशल मीडिया पर हर कोई हैरान है.
90 के दशक का ‘सीक्रेट मिशन’
डेलीस्टार यूके की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूट्यूब के एक रहस्यमयी चैनल पर एक अनजान शख्स सामने आया है. उसका कहना है कि वह आम इंसान नहीं है. उसके मुताबिक, 90 के दशक में वह एक सीक्रेट मिशन का हिस्सा था, जिसमें लोगों को टाइम ट्रैवल के जरिए भविष्य में भेजा जाता था. उसने अपना चेहरा छिपाया और आवाज बदली हुई थी. लोग इसे झूठ या पब्लिसिटी स्टंट मान रहे हैं, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा है. उसने कहा, मुझे पता है आप मानेंगे नहीं. मैं खुद भी न मानता, अगर मैंने अपनी आंखों से न देखा होता.
भविष्य में इंसानों पर AI का राज!
शख्स का कहना है कि साल 6000 की दुनिया बहुत आगे निकल चुकी है. वहां की तुलना में आज की हमारी दवाइयां, सरकार और टेक्नोलॉजी बहुत पुरानी और बेकार लगती हैं. वहां कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं होता. एक सुपर इंटेलिजेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पूरी दुनिया को शांति से चलाता है. उसने यह भी कहा कि भविष्य में लोग अपने शरीर को छोटा करने की तकनीक सीख चुके हैं, इसलिए ज्यादा आबादी और घर की कमी जैसी कोई परेशानी नहीं है.
सबूत के नाम पर दिखाया धुंधला फोटो
इंटरव्यू के दौरान जब पत्रकार ने सबूत मांगा, तो उस शख्स ने एक तस्वीर दिखाई. लेकिन उस तस्वीर में कुछ साफ नजर नहीं आ रहा. वह किसी आधुनिक शहर की फोटो न लगकर एक धुंधली पेंटिंग जैसी दिख रही है. इस पर उस शख्स ने कहा कि समय में सफर करने के दौरान तस्वीरें बिगड़ जाती हैं, इसलिए फोटो धुंधली दिख रही है.
फ्यूचर में छूट गया जिगरी दोस्त!
इस कहानी में एक भावुक मोड़ तब आया जब वह शख्स रो पड़ा. उसने कहा कि भविष्य में उसका एक करीबी दोस्त छूट गया है. उसके मुताबिक भविष्य किसी स्वर्ग जैसा है, लेकिन लौटते समय वह अपने दोस्त को साथ नहीं ला पाया. आंखों में आंसू लिए उसने कहा, बस उसे एक बार और देखना चाहता था.
इस इंटरव्यू को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं, लेकिन ज्यादातर लोग और वैज्ञानिक इसे सिर्फ एक मनगढ़ंत कहानी या मजाक मान रहे हैं. वहीं उस शख्स का दावा है कि 2028 तक सच्चाई सबके सामने आ जाएगी. तब तक आप पॉपकॉर्न लीजिए और इस कहानी का मजा लीजिए.

-1790146512297_v.webp)

