BusinessIndia

​बंपर लिस्टिंग के जाल में फंसे निवेशक! पिछले 2 सालों के 10 मल्टीबैगर IPOs अब दे रहे निगेटिव रिटर्न

शेयर बाजार में इन दिनों आईपीओ का जबरदस्त क्रेज है. हर कोई बंपर मुनाफे की उम्मीद में पैसा लगा रहा है. लेकिन जिन लोगों को आईपीओ अलॉट नहीं होता, वे लिस्टिंग के दिन ऊंची कीमत पर शेयर खरीद लेते हैं. ये रणनीति निवेशकों पर बहुत भारी पड़ रही है. पिछले दो साल का डेटा एक डराने वाली तस्वीर पेश करता है. जिन 10 आईपीओ ने लिस्टिंग के दिन मल्टीबैगर रिटर्न दिया, वे सभी आज अपने लिस्टिंगडे हाई से नीचे ट्रेड कर रहे हैं.

​बंपर लिस्टिंग के जाल में फंसे निवेशक! पिछले 2 सालों के 10 मल्टीबैगर IPOs अब दे रहे निगेटिव रिटर्न

लिस्टिंग के दिन दांव लगाना पड़ा भारी

जब कोई आईपीओ शेयर बाजार में दोगुने प्रीमियम पर लिस्ट होता है, तो उसमें गजब की तेजी दिखती है. इस तेजी को देखकर आम निवेशक बिना सोचेसमझे पैसा लगा देते हैं. ऐस इक्विटी के डेटा के मुताबिक, जिन लोगों ने लिस्टिंग के दिन पीक प्राइस पर शेयर खरीदे, उन्हें 75 फीसदी तक का नुकसान झेलना पड़ा है. ये आंकड़े बताते हैं कि बाजार में किसी शेयर के 90 से 180 फीसदी तक चढ़ने के बाद उसमें एंट्री लेना कितना खतरनाक हो सकता है. इस वक्त निवेशक आईपीओ की कीमत पर नहीं, बल्कि बाजार द्वारा बढ़ाई गई कीमत पर शेयर खरीद रहा होता है.

विभोर स्टील समेत इन शेयरों ने रुलाया

इस भारी गिरावट का सबसे बड़ा शिकार विभोर स्टील ट्यूब्स बना है. फरवरी 2024 में 151 रुपये के इश्यू प्राइस वाला ये शेयर 421 रुपये पर लिस्ट हुआ था. लिस्टिंग के दिन इसने 442 रुपये का हाई बनाया. लेकिन 18 सितंबर 2026 तक ये शेयर गिरकर 112.35 रुपये पर आ गया. ये लिस्टिंग हाई से करीब 75 फीसदी की गिरावट है. ये शेयर अपने आईपीओ प्राइस से भी 26 फीसदी नीचे आ चुका है.

यूनिकॉमर्स ईसॉल्यूशंस का भी यही हाल है. 256.15 रुपये के हाई से गिरकर ये 83.35 रुपये पर आ चुका है, जो इसके इश्यू प्राइस से 23 फीसदी कम है. 2024 के सबसे चर्चित आईपीओ में से एक बजाज हाउसिंग फाइनेंस भी अपने लिस्टिंग हाई 164.99 रुपये से 48 फीसदी टूटकर 85.49 रुपये पर आ गया है. ममता मशीनरी, बीएलएस ईसर्विसेज, प्रीमियर एनर्जीज, हैम्प्स बायो, जंगल कैंप्स इंडिया, लग्जरी टाइम जैसे शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है.

क्या सभी निवेशकों को नुकसान हुआ?

डेटा से एक और अहम बात सामने आती है. आईपीओ में पैसा लगाने वाले हर निवेशक को नुकसान नहीं हुआ है. जिन निवेशकों को आईपीओ अलॉट हुआ था, वे आज भी मुनाफे में बैठे हैं. बीएलएस ईसर्विसेज इश्यू प्राइस से 134 फीसदी, प्रीमियर एनर्जीज 101 फीसदी, ममता मशीनरी 66 फीसदी, भारत कोकिंग कोल 42 फीसदी, टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स 77 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहे हैं. बजाज हाउसिंग फाइनेंस में भी अलॉटमेंट पाने वाले 22 फीसदी मुनाफे में हैं. असली मार उन लोगों पर पड़ी है जिन्होंने लिस्टिंग वाले दिन सबसे ऊंचे भाव पर खरीदारी की. कई मामलों में निवेशकों ने उस कीमत पर एंट्री ली, जो शेयर ने दोबारा कभी नहीं छुई.

केआरएन हीट एक्सचेंजर ने किया मालामाल

इस पूरी लिस्ट में सिर्फ एक शेयर ऐसा है जिसने निवेशकों को निराश नहीं किया. केआरएन हीट एक्सचेंजर इस ट्रेंड का इकलौता अपवाद है. इसका इश्यू प्राइस 220 रुपये था, जो 470 रुपये पर लिस्ट हुआ था. लिस्टिंग के दिन इसने 513.40 रुपये का हाई छुआ था. आज ये शेयर 1447.85 रुपये पर ट्रेड कर रहा है. ये शेयर अपने इश्यू प्राइस से 558 फीसदी ऊपर है. ये उन गिनेचुने मामलों में से एक है जहां हॉट लिस्टिंग के बाद शेयर खरीदने पर भी निवेशकों को बंपर फायदा हुआ. लेकिन ज्यादातर मामलों में लिस्टिंग के दिन की गई खरीदारी ने निवेशकों के पोर्टफोलियो को लाल रंग से रंग दिया है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply