
सुलतानपुर, अमृत विचारः जिला बार एसोसिएशन के निरस्त चुनाव को लेकर गुरुवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा के मुताबिक हाईकोर्ट ने मौखिक आदेश दिया कि एल्डर्स कमेटी के सहयोग से जिला जज की निगरानी में बार का नया चुनाव कराया जाएगा।
कोर्ट ने पूर्व में हुई मतगणना के दौरान बैलेट पेपर लेकर भागने के मामले की न्यायिक जांच कराने का भी आदेश दिया है। जांच में जिन लोगों के नाम बैलेट पेपर लेकर भागने में सामने आएंगे, उन्हें स्थायी रूप से डिबार करने के निर्देश दिए गए हैं। बार कार्यालय से सीसीटीवी का डीवीआर चोरी होने के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना की निगरानी पुलिस अधीक्षक, सुलतानपुर को करने का निर्देश भी कोर्ट ने दिया है।
इसके अलावा हाईकोर्ट ने पूर्व अध्यक्ष और सचिव को 24 घंटे के भीतर एल्डर्स कमेटी को चार्ज सौंपने का निर्देश दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद अब जिला बार एसोसिएशन के नए चुनाव की प्रक्रिया एल्डर्स कमेटी और जिला जज की निगरानी में आगे बढ़ेगी।


