
जीशान कदीर/सीतापुर, अमृत विचार : सीतापुर से लाखों ठगकर भागने वाला शातिर परिवार आगरा पहुंचकर चालक को पेठा खिलाते हुए ठूंठते रह जाओगे, कहकर फरार हो लिया। पकड़े गए चालक से हुई पूछताछ में राज खुला तो सीतापुर पुलिस ने उड़ीसा और मुम्बई पुलिस से संपर्क साधा है।
दरअसल, भोपाल के रेलवे कॉलोनी हुजूर सिकंदरी, सरांय निवासी रोहित बाजपेई, उसकी पत्नी अन्नू बाजपेई, पुत्री पूर्णिमा सीतापुर शहर के कई परिवारों से 35 लाख से अधिक नकदी ठगकर फरार हो गए, जिसको लेकर कोतवाली नगर में केस दर्ज हुआ।
पुलिस तलाश में शहर के पूर्णागिरी निवासी आदित्यपाल पकड़ा गया तो उसने बताया कि रोहित बाजपेई उसे आगरा तक लेकर पहुंचा, जहां पेठा खिलाकर वापस घर लौट जाने की बात कही, इस जानकारी के बाद मिले इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने मुंबई और उड़ीसा पुलिस से संपर्क साधा है। सहायक पुलिस अधीक्षक विनय यादव का कहना है कि आरोपी परिवार की तलाश में पांच टीमे लगी हुई हैं, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कन्नौज में परिवार, कानपुर में है शातिर की ससुराल
दरअसल, जो पता ठिकाना रोहित बाजपेई ने आधार कार्ड पर दर्शाया वो अधूरा है। शातिर की इससे इतर पहचान है। रोहित का पूरा परिवार कन्नौज में है। करीब 15 वर्ष पूर्व इसी तरह से जालसाजी करते पाए जाने पर परिवार ने लिखा पढ़ी के साथ उसे बेदखल कर दिया। सूत्रों की मानें तो ऐसे में कानपुर स्थित ससुराल से उसे मदद मिली। पुलिस दोनों कनेक्शन को खंगाल रही है।
ओडिशा में दर्ज केस से मिले गहरे इनपुट
ओडिशा राज्य के संबलपुर में तीन बड़ी वारदातें शातिर परिवार ने की। ऐसे में ठगी करने वाले रोहित बाजपेई के विरुद्ध अपराध संख्या 815, 816 और 817 के अन्तर्गत केस दर्ज हुआ। जानकारों की मानें तो सीतापुर पुलिस को इन केसों के आधार पर महत्वपूर्ण लीड मिली है।



