
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में लगभग 15 लाख उपभोक्ता हैं। अभी भी करीब 1.45 लाख उपभोक्ताओं ने केवाईसी नहीं कराई है। 30 सितंबर तक एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को केवाईसी कराना अनिवार्य है। इसके बाद 1 अक्टूबर से काॅमर्शियल रेट पर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ेगा। तेल कंपनियों ने इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इसके बाद केवाईसी कराने का मौका नहीं मिलेगा। असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ता गैस एजेंसी जाकर या घर बैठे भी ऑनलाइन ईकेवाईसी कर सकते हैं।
तीनों प्रमुख गैस एजेंसियों इंडेन, भारत और एचपी से जुड़ी गैस एजेंसियां ऐसे उपभोक्ताओं को केवाईसी कराने के लिए फोन कर रही हैं। सभी एजेंसियों के कर्मचारी और डिलीवरी मैन केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं को फोन और अन्य माध्यमों से सूचित कर रहे हैं।
घर बैठे कर सकते हैं ईकेवाईसी
घर बैठे ईकेवाईसी करने के लिए तेल कंपनी के एप पर जाकर अपने रजिस्टर्ड नंबर से एप डाउनलोड करना होगा। ईकेवाईसी अपडेट के विकल्प पर जाकर फेस रिकग्निशन से जिसके नाम पर कनेक्शन है, उसके चेहरे से मिलान होगा। इसके बाद ईकेवाईसी पूरा होने का मैसेज आ जाएगा। इंडियन ऑयल के उपभोक्ता इंडियन ऑयल वन एप, भारत गैस के उपभोक्ता हेलो बीपीसीएल एप और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के उपभोक्ता एचपी पे ऐप के माध्यम से घर बैठे ईकेवाईसी कर सकते हैं।
डिलीवरीमैन को घर बुला करवा सकते हैं ईकेवाईसी
जो लोग गैस एजेंसी जा पाने में असमर्थ हैं या ऑनलाइन ईकेवाईसी नहीं कर पा रहे हैं, वे अपने डिलीवरीमैन का भी सहयोग ले सकते हैं। कॉल करके घर बुला कर ईकेवाईसी करा सकते हैं। एजेंसी की ओर से सभी डिलीवरीमैन के मोबाइल पर एप की सुविधा दी गयी है। इसके अलावा एजेंसी के गैस वितरण प्वाइंट पर भी कर्मचारियों से ईकेवाईसी करवा सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18002333555 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
ऑल इंडिया एलपीजी वितरक संघ के जगदीश राज ने बताया कि ऑयल कंपनी की ओर से 30 सितंबर तक केवाईसी के लिए तिथि निर्धारित की गयी है। 1 अक्टूबर से घरेलू सिलेंडर कॉमर्शियल रेट यानी बाजार रेट पर मिलेगा। इसलिए उपभोक्ता असुविधा से बचने के लिए समय से केवाईसी करा लें।



