
आपने देखा होगा की केंद्र सरकार से लेकर प्रदेश की सरकारें आम लोगों के लिए कई काम करती रहती है। ऐसे में कुछ सरकारे एलपीजी के बढ़ते दामों के बीच भी लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए कई योजनाओं पर काम करती है। ऐसे में यह खबर आपके लिए काम की हो सकती है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने गरीब परिवारों को बड़ी राहत देने के लिए साल में 6 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना को मंजूरी दी है।
इस फैसले की जानकारी 24 सितंबर को विधानसभा में दी गई है, हालांकि इस योजना का फायदा सभी गैस उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा, बल्कि इसके लिए खास कैटेगरी के राशन कार्ड धारकों को ही दिया जाएगा। उमर अब्दुल्ला सरकार के इस फैसले का खास मकसद आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के रसोई गैस खर्च को कम करना है। ऐसे में अगर आप भी जानना चाहते हैं कि 6 मुफ्त सिलेंडर का फायदा किसे मिलेगा, पैसा कैसे मिलेगा और सरकार की इस योजना में क्या शर्तें हैं, तो आइए जानते हैं इस बारे में।
कौन हैं पात्र दरअसल, जम्मू-कश्मीर सरकार ने एएवाई के तहत आने वाले परिवारों को साल में 6 फ्री एलपीजी सिलेंडर की लागत देने का फैसला किया है। इस योजना का फायदा जम्मू-कश्मीर के उन परिवारों को मिलेगा, जिनके पास अंत्योदय अन्न योजना का राशन कार्ड है। यह राशन कार्ड आर्थिक रूप से सबसे कमजोर परिवारों के लिए जारी किया जाता है।
कैसे मिलेगा 6 फ्री एलपीजी सिलेंडर? सरकार की ओर से बताई गई जानकारी के मुताबिक, इस योजना के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत लाभार्थी को पहले सामान्य तरीके से सिलेंडर खरीदना होगा। इसके बाद निर्धारित रकम सब्सिडी के तौर पर आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।



