
अमृत विचार लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे 68500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है। घटना में घायल तूफान सिंह को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
छोटे गेट से एंट्री को लेकर बढ़ा विवाद
घटनाक्रम के मुताबिक, अभ्यर्थी इको गार्डन के अंदर शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे थे। तूफान सिंह ने बताया कि वे किसी काम से बाहर गए थे और जब वापस धरना स्थल पर लौटने लगे, तो मुख्य बड़ा गेट बंद मिला। इसके बाद जब उन्होंने छोटे गेट से अंदर जाने की कोशिश की, तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन रोक लिया। आरोप है कि विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और मारपीट पर उतारू हो गए।
अस्पताल में चल रहा इलाज, अभ्यर्थियों में भारी गुस्सा
पुलिस की कार्रवाई के बाद तूफान सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उनके साथी आननफानन में उन्हें लोकबंधु अस्पताल ले गए। इस खबर के फैलते ही धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों में गहरा आक्रोश फैल गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से आरक्षण से जुड़े मामलों और आयोग के आदेशों को लागू कराने के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे हैं।
दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि अपने हक की लड़ाई लड़ रहे अभ्यर्थियों के साथ इस तरह की बर्बरता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी पुलिसकर्मियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
रिपोर्ट : दरख्शां कदीर सिद्दीकी
यह भी पढे



-1790188192769_v-1790234253624_v.webp)