IndiaUttar Pradesh

​UP Weather: UP में 30 घंटे से बारिश का कहर, 32 जिलों में बाढ़ का खतरा; कई जगह स्कूल बंद… प्रशासन अलर्ट

Uttar Pradesh Weather: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अनब’ का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है. पिछले 30 से 36 घंटे से अवध और पूर्वांचल समेत कई इलाकों में रुकरुककर तेज बारिश हो रही है. बारिश के साथ कई जगह तेज हवाएं भी चल रही हैं. सड़कों, खेतों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. लगातार बारिश को देखते हुए प्रदेश के 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और नदीनालों के किनारे नहीं जाने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने 8 जिले श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

​UP Weather: UP में 30 घंटे से बारिश का कहर, 32 जिलों में बाढ़ का खतरा; कई जगह स्कूल बंद… प्रशासन अलर्ट

50 से ज्यादा शहरों में बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश के करीब 50 शहरों में 24 घंटे से ज्यादा समय से बारिश का सिलसिला जारी है. कई जगह तेज बारिश के कारण सड़क और बाजारों में जलभराव हो गया है. इससे लोगों के आनेजाने में परेशानी हो रही है. लखनऊ, गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, राजयबरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, प्रतापगढ़, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बस्ती समेत कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है.

अमेठी में पुलिस की ओर से जगहजगह मुनादी कराई जा रही है. लोगों से जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है. लखनऊ में भी गुरुवार दोपहर से घने बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है. गोंडा में करीब 36 घंटे से बारिश होने की बात सामने आई है.

ये भी पढे़ं

श्रावस्ती में 36 घंटे से मूसलाधार बारिश

श्रावस्ती में लगातार करीब 36 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है. नेशनल हाईवे730 पर भी कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. भारत और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका है. नदी के किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है. तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है. संभावित बाढ़ को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है.

खेतों में पानी, तेज हवा से फसलें गिरीं

लगातार बारिश का असर ग्रामीण इलाकों में भी दिखाई दे रहा है. कई जगह खेतों में पानी भर गया है. तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में फसलों के गिरने की भी सूचना है. इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासन की टीमें जलभराव वाले इलाकों पर नजर रख रही हैं. अधिकारियों को संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति में राहत और बचाव की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं. नदियों और नालों के जलस्तर की भी निगरानी की जा रही है.

32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा

लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रदेश के 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है. राहत आयुक्त की ओर से एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है. लोगों को नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है.

CM योगी ने अधिकारियों को फील्ड में उतरने को कहा

मौसम खराब होने और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से राहत और बचाव की तैयारियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है. नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन को जलस्तर, जलभराव और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है.

बारिश के चलते कई जिलों में स्कूल बंद

लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में 26 सितंबर को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. अलगअलग जिलों में स्कूलों को लेकर प्रशासन ने अलगअलग आदेश जारी किए हैं. लखनऊ में 26 सितंबर को सभी स्कूलों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा. यह आदेश कक्षा 12 तक के विद्यालयों पर लागू होगा. इसमें राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ सभी बोर्ड से संचालित स्कूल शामिल हैं. ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. खराब मौसम और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है.

रायबरेली में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल बंद

रायबरेली में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने इसकी जानकारी दी. यह आदेश सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू रहेगा.

श्रावस्ती में भी स्कूलों में अवकाश

श्रावस्ती में भी भारी बारिश को देखते हुए 26 सितंबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी किया है. इसके तहत परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ‘RAINY DAY’ अवकाश रहेगा. हालांकि शिक्षकों को स्कूल से जुड़े अन्य शैक्षणिक कार्य निर्धारित निर्देशों के अनुसार करने के लिए कहा गया है.

मिर्जापुर में कक्षा 8 तक स्कूल बंद

मिर्जापुर में भी लगातार बारिश के कारण 26 सितंबर को कक्षा 8 तक के सभी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे. जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने आदेश जारी किया है. प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. नदी, नाले और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें.

प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है. जिन इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा है, वहां राहत और बचाव की तैयारियां की जा रही हैं. NDRF और SDRF की टीमें भी अलर्ट पर हैं. फिलहाल लोगों से सावधानी बरतने, मौसम की जानकारी पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply