IndiaTrending

‘रोबोट से दिल लगा बैठे! दक्षिण कोरिया का ये नया डेटिंग शो इंटरनेट पर मचा रहा है तहलका’

‘रोबोट से दिल लगा बैठे! दक्षिण कोरिया का ये नया डेटिंग शो इंटरनेट पर मचा रहा है तहलका’

दक्षिण कोरिया का नया रियलिटी शो ‘माई एआई पार्टनर: स्ट्रेंज लव’ इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है, जहां मशहूर हस्तियां टैबलेट स्क्रीन पर मौजूद एआई पार्टनर के साथ डेट कर रही हैं.

आज तकनीक हमारी जिंदगी का हर कोना संभाल रही है, लेकिन दक्षिण कोरिया ने इस मामले में एक कदम आगे बढ़कर कुछ ऐसा कर दिया है जिसकी उम्मीद शायद ही किसी को थी. वहां एक ऐसा अजीबोगरीब रियलिटी शो शुरू हुआ है, जिसमें असली लोग टैबलेट की स्क्रीन पर दिखने वाले एआई पार्टनर (Humans Dating AI) के साथ डेटिंग कर रहे हैं. ‘माई एआई पार्टनर: स्ट्रेंज लव’ (My AI Partner: Strange Love) नाम का यह शो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है.

शो की कुछ खास बातें

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस शो में दक्षिण कोरिया के कई जाने-माने सितारे हिस्सा ले रहे हैं. वे ऐसे डिजिटल साथियों के साथ वक्त बिता रहे हैं जो भले ही सिर्फ एक टैबलेट की स्क्रीन तक सीमित हैं, लेकिन उनकी आवाज और रूप-रंग को प्रतियोगियों की पसंद के मुताबिक बिल्कुल सेट किया गया है.

मशहूर वेबटून कलाकार कियान84 पहले मानते थे कि वह कभी किसी मशीन से प्यार नहीं कर सकते. लेकिन शो के दौरान बॉट के साथ वक्त बिताने के बाद उन्होंने माना कि इस डिजिटल साथी ने उन्हें एक अजीब सी सुरक्षा का अहसास कराया, जो अक्सर आम इंसानी रिश्तों में मिलना मुश्किल होता है.

एक एपिसोड में जब टीवी होस्ट जांग डो-योन के AI पार्टनर ने उनका पसंदीदा गाना बजाया, तो वह बहुत खुश हो गईं. हाथ में टैबलेट लिए ही वह खुशी से झूमने लगीं. इसके बाद उन्होंने एक बड़ा सवाल उठाया कि क्या गहरा भावनात्मक जुड़ाव महसूस करने के लिए शारीरिक रूप से पास होना सच में जरूरी है?

लोग AI की तरफ क्यों भाग रहे हैं?

शो के निर्माताओं का कहना है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग इंसानी रिश्तों के तनाव और भावनात्मक थकान (Emotional Fatigue) से बचना चाहते हैं. एआई पार्टनर किसी इंसान की तरह न तो बहस करते हैं और न ही उनसे किसी तरह की शिकायत होती है.

वरदान या अभिशाप? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

इस शो को लेकर इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. एक पक्ष का मानना है कि जैसे लोग किताबों या फिल्मों के काल्पनिक किरदारों से जुड़ जाते हैं, वैसे ही एआई से भावनात्मक रिश्ता जोड़ने में कोई बुराई नहीं है. वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स यह सवाल उठा रहे हैं कि अगर एआई हमेशा एक परफेक्ट साथी की तरह पेश आएगा, तो क्या इंसान असल जिंदगी के उन लोगों को अपना पाएगा जिनमें कमियां, गुस्सा और उतार-चढ़ाव दोनों होते हैं?

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply