IndiaTrending

‘ढोल की थाप सुनते ही झूम उठा रोबोट, लगाए ऐसे ठुमके कि देखते रह गए लोग’

‘ढोल की थाप सुनते ही झूम उठा रोबोट, लगाए ऐसे ठुमके कि देखते रह गए लोग’

भारत में ढोल-नगाड़ों की आवाज सुनते ही माहौल अपने आप खुशनुमा हो जाता है. शादी हो, कोई त्योहार हो या फिर किसी दुकान का उद्घाटन, ढोल की थाप पर लोगों के पैर थिरकने लगते हैं. लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसलिए चर्चा में है, क्योंकि इसमें इंसान नहीं बल्कि एक रोबोट ढोल की धुन पर जमकर डांस करता नजर आ रहा है.

ढोल बजा तो रोबोट ने दिखाए शानदार मूव्स

वायरल वीडियो में एक शोरूम या इवेंट के बाहर का नजारा दिखाई देता है. जगह को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया है और सामने लाल कालीन भी बिछा नजर आ रहा है. पास में कुछ लोग ढोल-ताशा बजा रहे हैं। तभी उनके सामने स्पोर्टी ड्रेस और हेलमेट पहना एक रोबोट डांस करने लगता है.

ढोल की बीट शुरू होते ही रोबोट हाथ-पैर और कमर को अलग-अलग अंदाज में हिलाते हुए नजर आता है. कभी वह भांगड़ा जैसे स्टेप करता है, तो कभी घूमकर और झुककर डांस करता दिखाई देता है. उसकी टाइमिंग और मूवमेंट देखकर आसपास खड़े लोग भी उसे लगातार देखते रहते हैं.

बच्चों से लेकर बड़ों तक, सबने बनाया वीडियो

रोबोट का यह अनोखा डांस वहां मौजूद लोगों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं था. बच्चे हों या बड़े, कई लोग अपने मोबाइल निकालकर इस पूरे नजारे को कैमरे में कैद करते नजर आए. कुछ लोग तालियां बजाते दिखाई दिए तो कुछ इस अनोखी परफॉर्मेंस को देखकर हंसते नजर आए. खास बात यह रही कि ढोल की धुन बदलने के साथ रोबोट के डांस मूव्स भी बदलते दिखाई दिए.

देखें वीडियो..

सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे

इस वीडियो को एक्स पर sanatan_kannada नाम के पेज से शेयर किया गया है. पोस्ट सामने आने के बाद वीडियो पर लोगों की दिलचस्प प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं. एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि ढोल बजते ही भाई की बैटरी 100 प्रतिशत हो गई. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि जहां इंसान शादी में डांस करने से पहले नखरे करते हैं, वहां रोबोट ने ही पूरी महफिल लूट ली. फिलहाल यह मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का खूब मनोरंजन कर रहा है और रोबोट के अनोखे डांस की चर्चा बनी हुई है. यह खबर भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध वायरल जानकारी पर आधारित है. न्यूज18 इस वीडियो से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply