
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले इंडिया गठबंधन में घमासान मचा हुआ है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के सीट शेयरिंग को लेकर जुबानी जंग जारी है। इसी कड़ी में सहारनपुर सीट से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के बयान ‘बिना गठबंधन कांग्रेस कुछ नहीं पाएगी’ पर सियासी पलटवार किया है।
इमरान मसूद ने कहा कि अगर गठबंधन नहीं करना है तो न करें। हम अपने काम पर लगे हुए हैं। एक समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “न करें गठबंधन, कौन कह रहा है? हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं? जिसको जो करना है, वह करे। जब बारात चढ़ती है, तो बहुत सारे ढोल बजाने वाले भी होते हैं, नाचनेगाने वाले भी होते हैं। इन नाचनेगाने वालों को नाचनेगाने दीजिए। हम अपने काम पर लगे हुए हैं।”
शिवपाल यादव पर भी इमरान का पलटवार
वहीं सपा महासचिव और विधायक शिवपाल यादव के बयान पर इमरान मसूद ने कहा, “यह उनकी सोच हो सकती है, कांग्रेस अपने काम पर लगी हुई है। शिवपाल यादव जो बात कह रहे हैं, वह पार्टी के अंदर ही अप्रासंगिक हो गए हैं। वह अपने नेता से यह बात अगर वह कहेंगे, तब तो उसके ऊपर कोई मायने होंगे, इसके अलावा कोई मायने नहीं हैं।”
कांग्रेस सांसद ने कहा कि बहुत सारे लोग बहुत सारी बातें बोलते रहते हैं, इससे फर्क नहीं पड़ता है। हमारे यहां भी बहुत सारे लोग इधरउधर की बातें करते रहते हैं, तो जब बारात चढ़ती है ना, बहुत सारे ढोल बजाने वाले आते हैं, तो ढोल बजाने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। इससे पहले, शिवपाल सिंह यादव ने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस को वोट नहीं मिलना है।
सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने भी जताई नाराजगी
उधर, समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयानों से ‘इंडिया गठबंधन’ आहत होता है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के कुछ नेता जो ऐसे बयान देते हैं, जिससे इंडिया गठबंधन आहत होता है और भारतीय जनता पार्टी को लाभ देने वाले बयान कांग्रेस की ओर से आते रहे हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी का गठबंधन राहुल गांधी और अखिलेश यादव तय करेंगे, लेकिन जो कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बेतुके बयान आ रहे हैं, यह केवल दबाव बनाने के लिए आते हैं। कांग्रेस यूपीबिहार में कितना पानी में है, यह जगजाहिर है।”
सीट शेयरिंग पर अभी तस्वीर साफ नहीं
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत और बयानबाजी जारी है। कांग्रेस की ओर से सीट बंटवारे को जल्द अंतिम रूप देने की मांग सामने आई है, जबकि सपा नेताओं की ओर से भी गठबंधन को लेकर अलगअलग बयान दिए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की ओर से सीटों के अंतिम बंटवारे को लेकर कोई सार्वजनिक अंतिम घोषणा सामने नहीं आई है।



