TrendingUttar Pradesh

​UP International Trade Show 2026 ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना से रूबरू हुई नई पीढ़ी, मॉडल यूनाइटेड नेशंस ने दिया कूटनीति और नीति निर्माण का अनुभव

​UP International Trade Show 2026 ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना से रूबरू हुई नई पीढ़ी, मॉडल यूनाइटेड नेशंस ने दिया कूटनीति और नीति निर्माण का अनुभव

लखनऊ:ग्रेटर नोयडा ,अमृत विचार : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो2026 में शनिवार को दुनिया की कमान जेन अल्फा के हाथों में दिखाई दी। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ‘विकसित भारत मॉडल यूनाइटेड नेशंस’ में कक्षा नौ से 12 तक के 14 विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाई। विश्व व्यापार, बदलती आपूर्ति शृंखला, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ईकॉमर्स जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने न केवल तर्क रखे, बल्कि कूटनीति और सहमति निर्माण की प्रक्रिया को भी करीब से समझा।
मॉडल यूनाइटेड नेशंस का केंद्रीय विषय ‘विकसित भारत 2047’ रहा। विद्यार्थियों ने विश्व व्यापार संगठन के सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए संबंधित देशों की व्यापार नीतियों और वैश्विक मुद्दों पर उनके रुख को समझकर अपनी बात रखी। सप्लाई चेन मैनेजमेंट, ट्रेड फैसिलिटेशन एग्रीमेंट, डिजिटल ट्रेड पर मोरेटोरियम, रूल्स ऑफ ओरिजिन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ईकॉमर्स जैसे विषय चर्चा के केंद्र में रहे।

पाठ्यपुस्तक से निकलकर वैश्विक मंच पर पहुंचे विद्यार्थी

आयोजन विद्यार्थियों के लिए महज शैक्षणिक गतिविधि नहीं रहा। उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार में किसी निर्णय का असर केवल एक देश तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उद्योग, अर्थव्यवस्था और वैश्विक आपूर्ति शृंखला तक पहुंचता है। विभिन्न देशों का पक्ष रखते हुए विद्यार्थियों ने रिसर्च, तर्क, संवाद, नेगोशिएशन और निर्णय लेने की प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव हासिल किया।

ट्रेड शो बना सीखने का जीवंत मंच

मॉडल यूनाइटेड नेशंस के साथ विद्यार्थियों ने ट्रेड शो में प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए विभिन्न पवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उद्योग, निवेश, निर्यात, तकनीक, हस्तशिल्प, संस्कृति और विरासत को करीब से देखा। इससे वैश्विक व्यापार की समझ के साथ उन्हें प्रदेश की आर्थिक और सांस्कृतिक क्षमता से भी परिचित होने का अवसर मिला।

बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित

विभिन्न देशों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने और चर्चा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’, ‘हाई कमेंडेशन’ और ‘स्पेशल मेंशन’ जैसे पुरस्कार दिए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

14 विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी

कार्यक्रम में रायन इंटरनेशनल स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, जेएम इंटरनेशनल स्कूल, खेतान स्कूल, भारत राम ग्लोबल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, नारायणा स्कूल, असीसी कॉन्वेंट स्कूल, एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज, जागरण पब्लिक स्कूल और समरविल स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

स्वागत उद्बोधन से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतमबुद्ध नगर चंद्रशेखर के स्वागत उद्बोधन से हुई। इस अवसर पर रायन इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने उनका सम्मान किया। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को संवाद, विचार और सीखने के जीवंत मंच में बदल दिया।

यह भी पढे

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply