
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा :अमृत विचार उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो2026 में शनिवार को यूपी के स्वाद की ऐसी महफिल सजी कि ट्रेड शो घूमने आए लोगों के कदम ओडीओसी पवेलियन पर ठहर गए। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बने वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन पवेलियन में प्रदेश के अलगअलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों का स्वाद लोगों को खूब भा रहा है। यहां सिर्फ पकवान परोसे नहीं जा रहे, बल्कि उनके पीछे की परंपरा और स्थानीय उत्पादों की कहानी भी बताई जा रही है।
ओडीओसी पवेलियन की मास्टर शेफ क्लास शनिवार को खास आकर्षण रही। यहां पूर्वांचल के पारंपरिक व्यंजन ठेकुआ को मिर्जापुर के गुड़ से तैयार करने की विधि आगंतुकों को लाइव दिखाई गई। सामग्री के चयन से लेकर मिश्रण तैयार करने, आकार देने और पकाने तक की प्रक्रिया विशेषज्ञों ने समझाई। आगंतुकों ने शेफ से सीधे संवाद कर ठेकुआ और पूर्वांचल के अन्य पारंपरिक स्वादों से जुड़े सवाल भी पूछे।
मास्टर शेफ क्लास में मिर्जापुर के गुड़ का इस्तेमाल खास आकर्षण बना हुआ है। इससे आगंतुकों को न सिर्फ ठेकुआ के पारंपरिक स्वाद से परिचित कराया जा रहा है, बल्कि यह भी बताया जा रहा है कि स्थानीय कृषि और खाद्य उत्पाद किस तरह किसी क्षेत्र की पाक पहचान का हिस्सा बनते हैं। इस पहल में स्वाद के साथ स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को जोड़ने पर जोर दिया गया है।
मास्टर शेफ क्लास में प्रसिद्ध शेफ हरपाल सिंह सोखी रविवार को मौजूद रहेंगे। वे आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को आधुनिक पाक कला के साथ जोड़ने की बारीकियां बताएंगे। अगले चार दिनों में कई अन्य प्रसिद्ध शेफ भी क्लास में शामिल होकर आगंतुकों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।
‘खाऊ गली’ में जायके के साथ बढ़ी उत्पादों की मांग
ओडीओसी पवेलियन की ‘खाऊ गली’ भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदेश के अलगअलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों का स्वाद लेने के लिए यहां लगातार भीड़ जुट रही है। लाइव फीड के साथ कई स्थानीय उत्पादों की मांग में भी तेजी देखी जा रही है। लोग स्वाद लेने के साथ संबंधित जिलों और वहां तैयार होने वाले उत्पादों की जानकारी भी ले रहे हैं।
75 जिलों के स्वाद एक छत के नीचे
ओडीओसी पवेलियन में प्रदेश के सभी 75 जिलों की खानपान विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है। ब्रज की मिठास, अवध के जायके, बुंदेलखंड की विशिष्टता, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पारंपरिक स्वाद और पूर्वांचल के व्यंजनों के जरिए प्रदेश की विविध पाक परंपरा को सामने लाया जा रहा है। अलगअलग व्यंजनों को उनके स्थानीय और सांस्कृतिक संदर्भ से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है।
स्थानीय स्वाद को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की कवायद
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के अंतरराष्ट्रीय मंच पर ओडीओसी पवेलियन स्थानीय खाद्य उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को देशविदेश के आगंतुकों से जोड़ रहा है। पहल का उद्देश्य प्रदेश की पाक विरासत को नई पहचान देने के साथ स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना भी है। ट्रेड शो में आने वाले विदेशी खरीदारों और अन्य आगंतुकों के लिए यूपी के पारंपरिक स्वाद यहां एक नए परिचय के रूप में सामने आ रहे हैं।
यह भी पढे


