कई सालों में एक बार ऐसा देखने को मिलता है, जब रविवार को बैंक खुला मिले. 27 सितंबर का रविवार ऐसा ही एक दिन है. बैंकों की तीन दिनों की हड़ताल से पहले आरबीआई के नोटिफिकेशन के बाद पब्लिक सेक्टर के बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार के दिन यानी 27 सिलंबर को खुले रहेंगे. RBI ने 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, दफ्तरों, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को खोलने की मंजूरी दी थी. इस व्यवस्था का मकसद कस्टमर्स को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग काम पूरे करने के लिए एक अतिरिक्त दिन देना है.

क्या रविवार, 27 सितंबर को सभी बैंक खुले हैं?
RBI के निर्देशों के अनुसार, पब्लिक सेक्टर के बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार को खुले रहेंगे. चूंकि प्राइवेट बैंक हड़ताल में शामिल नहीं हो रहे हैं, इसलिए उनके आज बंद रहने की संभावना है. हालांकि, प्राइवेट बैंक के ग्राहकों को आज की छुट्टी की स्थिति के बारे में जानने के लिए अपनी बैंक शाखा से संपर्क करना चाहिए या उसके अपडेट का इंतजार करना चाहिए.
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि क्या इस रविवार आपका कोई बैंकिंग काम है? हम आपके लिए खुले हैं! आपकी सुविधा के लिए जरूरी बैंकिंग सेवाएँ देने के लिए रविवार, 27 सितंबर 2026 को सभी SBI शाखाएं खुली रहेंगी. अपनी नज़दीकी SBI शाखा में जाएँ और अपनी बैंकिंग जरूरतों को पूरा करें. हम हमेशा तैयार हैं…
पब्लिक सेक्टर के बैंक रविवार को क्यों खुल रहे हैं?
यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि प्रस्तावित बैंक हड़ताल 28 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिनों तक चलेगी. शनिवार को छुट्टी थी और अगर रविवार को भी छुट्टी होती, तो बैंक पांच दिनों के लिए बंद रहते. 27 सितंबर को शाखाएं खुली रखने से ग्राहकों को ऐसे लेनदेन पूरे करने का मौका मिला है जिनके लिए ब्रांच में जाने की जरूरत होती है.
बैंक अधिकारियों के संगठन ने आपत्ति जताई
27 सितंबर को कामकाज का दिन बनाने के फैसले को सभी बैंक कर्मचारी संगठनों ने पसंद नहीं किया है. 23 सितंबर के एक बयान में, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपने सदस्यों को सलाह दी कि वे रविवार, 27 सितंबर को काम पर न जाएं. एसोसिएशन का कहना है कि इंडस्ट्रियल डिस्प्यूट्स एक्ट के तहत यह दिन छुट्टी का दिन है. AIBOA ने यह भी कहा है कि उसके सदस्य 28 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रस्तावित ‘स्टेआउट’ हड़ताल में शामिल होंगे.



