TrendingUttar Pradesh

​अशोक सिंघल जयंती : राम मंदिर आंदोलन के ‘शिल्पी’ को दिग्गजों ने किया नमन, गडकरी-योगी-धामी ने याद किया योगदान

​अशोक सिंघल जयंती : राम मंदिर आंदोलन के ‘शिल्पी’ को दिग्गजों ने किया नमन, गडकरी-योगी-धामी ने याद किया योगदान

लखनऊ, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े प्रमुख नेता और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें नमन किया।

नेताओं ने अपनेअपने एक्स पोस्ट के जरिए अशोक सिंघल के राम मंदिर आंदोलन, भारतीय संस्कृति और समाज को संगठित करने में योगदान को याद किया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, “विश्व हिंदू परिषद के शिखर पुरुष अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।”

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अशोक सिंघल को श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन का प्रमुख सूत्रधार बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के जागरण, समाज को एकजुट करने और प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को जनआंदोलन बनाने में उनका योगदान लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी अशोक सिंघल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उन्हें श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण तथा राष्ट्र के नवनिर्माण के लिए समर्पित उनका जीवन मार्गदर्शन करता रहेगा।

योगी ने बताया सांस्कृतिक स्वाभिमान की प्रेरणा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता और भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के संकल्प को अपनी जीवनसाधना बनाने वाले व्यक्तित्व थे। योगी ने कहा कि ‘राम, राष्ट्र एवं सनातन संस्कृति’ के प्रति समर्पित उनका जीवन सांस्कृतिक स्वाभिमान और राष्ट्रसाधना की अमिट प्रेरणा बना रहेगा।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अशोक सिंघल को श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का प्रमुख ध्वजवाहक बताते हुए नमन किया। उन्होंने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अशोक सिंघल के सनातन संस्कृति के जागरण, समाज को एकजुट करने और श्रीराम मंदिर निर्माण के संकल्प को जनआंदोलन बनाने में योगदान को स्मरण किया।

धामी और रेखा गुप्ता ने भी किया नमन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिंदू समाज के संगठन, भारतीय संस्कृति के जागरण और राष्ट्रसेवा के लिए अशोक सिंघल ने अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका और समाज के बीच जनजागरण के प्रयासों को याद किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अशोक सिंघल को सनातन संस्कृति का प्रखर संवाहक बताते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के संगठन और जागरण के लिए उनका जीवन समर्पित रहा।

केशव मौर्य ने बताया आंदोलन का ‘महानायक’

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी के अवसर पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था को स्वर देने और संत समाज को एकजुट करने से लेकर जनजन में सांस्कृतिक चेतना जगाने तक अशोक सिंघल का जीवन धर्मरक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा।

भाजपा सांसद अरुण गोविल ने भी अशोक सिंघल को श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन का प्रमुख सूत्रधार बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के जागरण, समाज को एकजुट करने और श्रीराम मंदिर निर्माण के संकल्प को जनआंदोलन बनाने में उनका योगदान स्मरणीय रहेगा।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply