
लखनऊ, अमृत विचार: युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप व रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए टाटा मोटर्स लिमिटेड और हेला इंडिया ऑटोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड अप्रेंटिसशिप ड्राइव के साथ मेगा कैंपस प्लेसमेंट अभियान आयोजित कर रहे हैं। दोनों कंपनियों के लिए चयन प्रक्रिया 30 सितंबर की सुबह 10 बजे से राजकीय आईटीआई अलीगंज परिसर में होगी। इसके लिए अभ्यर्थी की आयु जॉइनिंग की तिथि तक 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का 10वीं की परीक्षा नियमित रूप से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
अप्रेंटिसशिप के लिए इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, टर्नर, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, सीओपीए, पासा, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, वायरमैन, मशीनिस्ट, ड्राफ्ट्समैन, ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग आदि ट्रेड के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 13,870 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ नि:शुल्क कैंटीन, 10 किलोमीटर तक परिवहन सुविधा, दो सेट यूनिफॉर्म, सेफ्टी शूज एवं पीपीई उपलब्ध कराए जाएंगे। चयन प्रक्रिया में प्रोफाइल स्क्रीनिंग, इंटरव्यू, मेडिकल टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन के बाद जॉइनिंग की जाएगी।
हेला इंडिया में डिप्लोमा व बीएससी उत्तीर्ण युवाओं को मौका
हेला इंडिया ऑटोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गुड़गांव, हरियाणा स्थित प्लांट के लिए डीएटी पद पर मेगा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया जाएगा। इसमें मैकेनिक, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में डिप्लोमा अथवा बीएससी उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए वर्ष 2020 से 2025 तक के पासआउट अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थी के न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। आयु सीमा 18 से 28 वर्ष निर्धारित है तथा पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं।
समय से पहुंचे अभ्यर्थी
प्लेसमेंट अधिकारी एमए खां ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 30 सितंबर को 10 बजे राजकीय आईटीआई अलीगंज परिसर में अपने सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं तकनीकी मूल प्रमाण पत्रों, उनकी छायाप्रतियों तथा फोटो के साथ समय से उपस्थित होकर अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाएं।
ः



