
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों को लेकर भाजपा ने उम्मीदवार चयन की कवायद तेज कर दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मौजूद हैं।
बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, चर्चा के बाद उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की तैयारी है।
राज्यसभा की 8 सीटों पर नामों का पैनल
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की कुल 10 सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। इनमें मौजूदा समीकरणों के आधार पर भाजपा के हिस्से में आठ सीटें आने की संभावना बताई जा रही है। पार्टी इन्हीं सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर रही है।
कोर कमेटी में प्रत्येक सीट के लिए संभावित नामों पर चर्चा के बाद पैनल तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व की ओर से किया जाएगा।
11 MLC सीटों पर भी चर्चा
बैठक में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के चुनाव को लेकर भी चर्चा हो रही है। इन सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव के लिए मतदान 23 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
भाजपा इन सीटों के लिए भी उम्मीदवार चयन और चुनावी तैयारियों पर मंथन कर रही है। पार्टी पहले ही पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है, जबकि बाकी सीटों के नामों पर निर्णय होना है।
केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा पैनल
कोर कमेटी की बैठक में संभावित नामों पर सहमति बनने के बाद पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की तैयारी है। अंतिम नामों पर फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा संगठन की ओर से शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भी बूथ स्तर तक तैयारी और मतदाताओं से संपर्क पर जोर दिया जा रहा है।
ः



