
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, छात्रा की करीब एक साल पहले स्नैपचैट के जरिए एक युवक से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। आरोप है कि युवक ने मिलने के बहाने छात्रा को होटल बुलाया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की।
मामला इंदरगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
स्नैपचैट के जरिए हुई थी पहचान
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता समाधिया कॉलोनी की रहने वाली है और 12वीं कक्षा में पढ़ती है। करीब एक साल पहले उसकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के जरिए कृष्णा खाटवानी नाम के युवक से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
शिकायत के अनुसार, 22 सितंबर को युवक ने छात्रा को मिलने के लिए राजीव प्लाजा के सामने स्थित एक होटल में बुलाया था।
कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थी
छात्रा के बयान के मुताबिक, वह शाम करीब 5:15 बजे कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थी। आरोप है कि होटल पहुंचने के बाद युवक उसे कमरे में ले गया और डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद छात्रा घर पहुंची और उसने परिजनों को पूरी बात बताई।
बदनामी के डर से पहले नहीं की शिकायत
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद सामाजिक बदनामी के डर से शुरुआत में पुलिस से शिकायत नहीं की गई। हालांकि बाद में परिवार ने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया।
24 सितंबर को छात्रा अपने परिजनों के साथ इंदरगंज थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
होटल की CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।



