
सुलतानपुर, अमृत विचारः जिले के 2,511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में पोषाहार से तैयार पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को मातृ स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व की जानकारी दी गई, जबकि अभिभावकों को बच्चों के बेहतर पोषण और देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
गोद भराई में मातृ स्वास्थ्य पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य फोकस गर्भवती महिलाओं और छह वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य पर रहा। गोद भराई कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को गर्भावस्था में पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और सुरक्षित मातृत्व से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं। वहीं अभिभावकों को बच्चों के समुचित शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पोषण व स्वास्थ्य की अहमियत बताई गई।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
आंगन मिलन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना समेत बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। पात्र महिलाओं और परिवारों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पोषण को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए परिवार और समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रमों के दौरान बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे अन्य कार्यकर्ताओं को भी बेहतर काम के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
अखंडनगर में विधायक राजेश गौतम की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। लंभुआ और पीपी कमैचा में जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में गोद भराई समेत विभिन्न गतिविधियां हुईं। वहीं कूरेभार में ब्लॉक प्रमुख नवनीत सिंह सोनू की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिले की 14 बाल विकास परियोजनाओं के 85 सेक्टरों में हुए आयोजनों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों ने भाग लिया। 2,511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक साथ आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य पोषण जागरूकता को घरघर तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से जोड़ना रहा।
ः


