
रायबरेली, अमृत विचार। यूपी के रायबरेली में दो माह पूर्व अपने छोटेछोटे बच्चों को छोड़कर दूसरे समुदाय के प्रेमी के संग फरार हुई विवाहिता की गुजरात में मौत हो गई। उसके मौत की सूचना मंगलवार को उसके घर पहुंची तो, परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने जमकर हंगामा काटा पुलिस ने किसी तरह समझ कर परिजनों को शांत किया है।
परिजनों ने लगाया पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव उसरैना का है। गांव के रहने वाले बुधराम की पत्नी संगीता बीते 6 अगस्त को गांव के पड़ोस के रहने वाले दूसरे समुदाय के अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। महिला अपने साथ जेवरात और आठ हजार रुपए नगद भी ले गई थी। महिला के पति ने मामले की शिकायत ऊंचाहार कोतवाली में लिखित रूप में की थी। किंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजन महिला की तलाश कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
गुजरात में महिला की मौत
इस बीच मंगलवार को सूचना मिली कि गुजरात के बड़ोदरा जिले के कपूरई थाना क्षेत्र में महिला की मौत हो गई है। गुजरात पुलिस द्वारा दी गई सूचना के अनुसार महिला की तबीयत अचानक खराब हुई थी और उसे अस्पताल ले जाया गया ,जहां उसकी मौत हो गई। इस सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद से इलाके में मचा कोहराम
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार समझा कर परिजनों को शांत किया है। जिला पंचायत के पूर्व सदस्य श्रीरामपाल ने बताया कि इस घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों में असंतोष है। महिला का शव लेने के लिए परिजन गुजरात गए हैं। कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी सुमित श्योरान ने बताया कि गुजरात पुलिस महिला के शव का पोस्ट मार्टम करवा रही है । पीएम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी ।


