HealthIndiaTrending

सर्दियों की शुरुआत: में कैसे खाएं बादाम? बॉडी में एनर्जी और गर्माहट के लिए कितने खाना है जरूरी, एक्सपर्ट ने बताएं 5 फायदे

सर्दियों की शुरुआत: में कैसे खाएं बादाम? बॉडी में एनर्जी और गर्माहट के लिए कितने खाना है जरूरी, एक्सपर्ट ने बताएं 5 फायदे

सर्दियों की शुरुआत होते ही खानपान में बदलाव बेहद जरूरी हो जाता है। शुरुआती ठंड में अगर सेहत का ध्यान नहीं रखा जाए तो कई तरह की मौसमी बीमारियां परेशान कर सकती हैं और बॉडी में ठंड भी बढ़ सकती है। ठंड के मौसम में शरीर को अंदरूनी गर्माहट और ऊर्जा की जरूरत होती है, जिसके लिए मेवे यानी Dry Fruits हमेशा से हमारी डाइट का अहम हिस्सा रहे हैं। बादाम एक ऐसा ड्राई फ्रूट है जिसकी तासीर गर्म हैं,सर्दी में इसका सेवन न सिर्फ बॉडी को गर्मी देता है बल्कि बॉडी को भरपूर एनर्जी भी देता है। इस मौसम में एनर्जी लेवल कम होने लगता है और बॉडी में कमजोरी बढ़ने लगती है। ऐसे में डाइट में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन-ई और हेल्दी फैट्स से भरपूर बादाम का सेवन असरदार साबित होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सर्दियों में इसे सही तरीके से न खाने पर इसका पूरा फायदा नहीं मिलता?

डाइटिशियन और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, सर्दियों में बादाम का सेवन करने का सही तरीका आपके पाचन तंत्र को बेहतर बनाने के साथ-साथ दिनभर एनर्जी को बूस्ट कर सकता है। एशियन हॉस्पिटल की हेड डाइटिशियन कोमल मलिक ने बताया बादाम का सेवन जहां आप गर्मी में भिगोकर करते हैं वहीं सर्दी में इसका सेवन सूखा ही करें। सर्द मौसम में बॉडी को हेल्दी,गर्म और सर्दी की वजह से होने वाली थकान को कंट्रोल करने के लिए आप एक मुट्ठी बादाम यानी 20 से 25 बादाम का सेवन कर सकते हैं। रोज 1 मुट्ठी बादाम शरीर को पर्याप्त एनर्जी देता है और ओवर ऑल हेल्थ को दुरुस्त करता है। आइए जानते हैं कि दिल को हेल्दी रखने के लिए रोजाना बादाम का सेवन करने से सेहत को कौन-कौन से फायदे होते हैं।

ब्लड शुगर को मैनेज करने में मददगार

बादाम को संतुलित मात्रा में डाइट में शामिल करना ब्लड शुगर को मैनेज करने में मदद कर सकता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट पाए जाते हैं, जो भोजन को धीरे पचाने और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद करते हैं। बादाम में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा भी कई दूसरे स्नैक्स की तुलना में कम होती है, इसलिए इसे बिना चीनी वाले हेल्दी स्नैक के रूप में खाया जा सकता है। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि बादाम का सेवन खाने के बाद करने से ब्लड शुगर में होने वाली बढ़ोतरी को धीमा किया जा सकता है और इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार किया जा सकता है। डायबिटीज या प्रीडायबिटीज वाले लोगों को संतुलित डाइट में सीमित मात्रा में बादाम शामिल करना चाहिए।

दिल की सेहत के लिए फायदेमंद

बादाम को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाने से दिल की सेहत को बनाए रखने में मदद मिल सकती है। इसमें मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैट, फाइबर, मैग्नीशियम और विटामिन E जैसे पोषक तत्व दिल की हेल्थ के लिए उपयोगी माने जाते हैं। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि नियमित रूप से बादाम खाने से खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर में सुधार होता है। बादाम में हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन E, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर इसका सेवन दिल के रोग और शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद कर सकता है। हालांकि, बादाम कैलोरी से भरपूर होता है इसलिए इसे सीमित मात्रा में खाना बेहतर माना जाता है।

पाचन के लिए भी उपयोगी

बादाम में फाइबर पाया जाता है, जो सामान्य पाचन और नियमित मल त्याग में मदद करता है। संतुलित मात्रा में बादाम को डाइट में शामिल करने से रोजाना के फाइबर सेवन को बढ़ाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ज्यादा मात्रा में बादाम खाने से कुछ लोगों को पेट फूलना या गैस जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए पाचन संबंधी फायदे के लिए इसे सीमित मात्रा में खाना बेहतर है। npj Science of Food में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक हर दिन बादाम खाने से आंतों की सेहत, मेटाबॉलिज्म और भूख कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।

बादाम का सेवन हड्डियों को करता है मजबूत

होम्योपैथिक डॉक्टर लोकेंद्र गौड़ के मुताबिक रोजाना एक मुट्ठी बादाम का खाने से हड्डियां मजबूत होती है। ये हड्डियों में ग्रीस बनाता है जिससे जोड़ों का दर्द दूर होता है। रोजाना सर्दी में सूखे बादाम खाएं तो आपको फायदा होगा। बादाम में कैल्शियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे मिनरल्स होते हैं, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाते हैं। एक महीने तक नियमित सेवन से शरीर अंदर से मजबूत होता है।

ब्रेन के लिए भी हेल्दी है बादाम

बादाम में विटामिन E, मैग्नीशियम, राइबोफ्लेविन और हेल्दी फैट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के साथ-साथ दिमाग के लिए भी उपयोगी है। इनमें मौजूद पोषक तत्व सामान्य नर्वस सिस्टम के कामकाज को सपोर्ट करने में अहम भूमिका निभाते हैं। बादाम में मौजूद विटामिन E एक एंटीऑक्सीडेंट है, जो कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद करता है। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि बादाम का नियामित सेवन संज्ञानात्मक सेहत से सुधार करता है। ये याददाश्त और एकाग्रता बढ़ाने में भी मदद करता है।

रोज कितने बादाम खाना सही है?

सर्दी के मौसम में आमतौर पर एक दिन में करीब 20–25 बादाम पर्याप्त माने जाते हैं। बादाम की गिनती उसके आकार के अनुसार बदल सकती है, इसलिए संख्या के बजाय आप उसकी मात्रा पर भी ध्यान दे सकते हैं। 28–30 ग्राम बादाम रोजाना के लिए काफी है।अगर किसी व्यक्ति की कैलोरी जरूरत अधिक है और उसकी डाइट में अन्य फैट-स्रोत कम हैं, तो डाइट के अनुसार मात्रा अलग हो सकती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी और सुझाव केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए हैं। इन्हें किसी चिकित्सा सलाह, निदान या इलाज के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट या जीवनशैली में कोई भी बदलाव करने या स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट से परामर्श लें।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply