CrimeHaryanaIndiaTrending

मोबाइल की स्क्रीन पर आया स्क्रैच, मां ने बच्चों को पीटा, 6 साल की बेटी को कुछ ही सेकेंड में कई थप्पड़ मारने का आरोप.

मोबाइल की स्क्रीन पर आया स्क्रैच, मां ने बच्चों को पीटा, 6 साल की बेटी को कुछ ही सेकेंड में कई थप्पड़ मारने का आरोप.

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में छोटे बच्चों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। नगला पार्ट-2 इलाके में एक महिला पर आरोप है कि मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने से नाराज होकर उसने अपनी 6 साल की बेटी और 4 साल के बेटे की पिटाई की। घर में लगे CCTV कैमरे में घटना रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है।

बच्चों के पिता सतबीर के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की है। उस समय उनकी 6 साल की बेटी मोबाइल चला रही थी। महिला ने जब मोबाइल देखा तो उसकी स्क्रीन पर स्क्रैच दिखाई दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उसने बच्ची को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।

बेटी के बाद बेटे की भी पिटाई का आरोप

सतबीर का दावा है कि CCTV फुटेज में महिला द्वारा बच्ची को लगातार थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। आरोप के मुताबिक, करीब 12 सेकेंड के दौरान बच्ची को कई थप्पड़ मारे गए। इसके बाद महिला ने अपने 4 साल के बेटे की भी पिटाई की।

बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर पहुंचा। उसने महिला को बच्चों को पीटने से रोका। घटना के सामने आने के बाद बच्चों के पिता ने पुलिस से मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

पिता ने पहले भी मारपीट के लगाए आरोप

बच्चों के पिता सतबीर सेना में नायक के पद पर तैनात हैं और फिलहाल राजस्थान में ड्यूटी पर हैं। उनका कहना है कि नौकरी की वजह से वह ज्यादातर समय घर से बाहर रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर बच्चों के साथ मारपीट करती रही है।

सतबीर के मुताबिक, बच्चों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने करीब तीन महीने पहले घर में CCTV कैमरे लगवाए थे। घटना वाले दिन उनके माता-पिता नूंह स्थित अपने घर गए हुए थे। घर में उस समय महिला और दोनों बच्चे मौजूद थे।

पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग

सतबीर ने पत्नी के मायके वालों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बच्चों के साथ कथित मारपीट को लेकर जब उन्होंने पत्नी के परिवार से बात की तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा रही हैं।

मामले में बच्चों के दादा बिशन सिंह ने पवर्तिया कॉलोनी चौकी में शिकायत दी है। चौकी प्रभारी महेश के अनुसार, शिकायत की जानकारी लेकर मामले की जांच की जाएगी। पुलिस CCTV फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती है।

फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply