CrimeHaryanaIndiaTrending

खाना खाने के बाद टहलने निकले सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की कुएं में गिरने से मौत, ग्रामीणों ने बाहर निकाला शव.

खाना खाने के बाद टहलने निकले सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की कुएं में गिरने से मौत, ग्रामीणों ने बाहर निकाला शव.

रोहतक: हरियाणा के रोहतक में एक दर्दनाक हादसे में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त 62 वर्षीय व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना किलोई गांव की है। बताया जा रहा है कि दिलबाग खाना खाने के बाद रात में टहलने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान वह गांव के अंदर बने एक पुराने कुएं में गिर गए।

ग्रामीणों ने कुएं से निकाला शव

हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुएं की गहराई करीब 10 से 11 फीट बताई जा रही है। ग्रामीणों में से तीन लोग कुएं के अंदर उतरे और काफी प्रयास के बाद दिलबाग के शव को बाहर निकाला।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण शव को कुएं से बाहर निकाल चुके थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

आर्मी के बाद पुलिस विभाग में दी सेवाएं

परिजनों के मुताबिक, दिलबाग ने पहले आर्मी में सेवा की थी। आर्मी से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर नियुक्ति मिली थी। उनकी आखिरी तैनाती गुरुग्राम में थी, जहां से वह वर्ष 2020 में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे।

सेवानिवृत्ति के बाद दिलबाग अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। उनके परिवार में बेटा राहुल और बेटी मीनाक्षी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा एमएससी की पढ़ाई कर रहा है।

पहले पानी के लिए इस्तेमाल होता था कुआं

ग्रामीणों ने बताया कि यह कुआं गांव के अंदर स्थित है और पहले लोग यहां से पानी भरते थे। जलस्तर नीचे चले जाने के बाद कुएं में पानी आना बंद हो गया था। इसके बाद इसे मिट्टी डालकर बंद करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

इसी दौरान रात में दिलबाग के कुएं में गिरने की घटना हो गई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

सदर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि दिलबाग की मौत कुएं में गिरने से हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। गांव में भी हादसे को लेकर लोगों में शोक है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply