
लखनऊ/गोरखपुर, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दिव्यांगजन के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन की पेंशन धनराशि में कुछ दिनों में फिर बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
गोरखपुर क्लब में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने 509 दिव्यांगजन को 664 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की प्रगति ऊंची इमारतों से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं। यही सुशासन का पहला सूत्र है।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2105281091749957889
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में दिव्यांगजन को पहले 300 रुपये मासिक पेंशन मिलती थी। उनकी सरकार ने इसे पहले 500 और फिर 1000 रुपये किया। अब इसमें फिर बढ़ोतरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 202627 में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शिविर लगाकर पेंशन से वंचित दिव्यांगजनों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। प्रदेश में 17 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को डिजिटल पहचान कार्ड उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री ने सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण की शुरुआत बचपन से होनी चाहिए। शुरुआती जांच, उपचार, थेरेपी, विशेष शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण पर सरकार का जोर है। गंभीर श्रवण बाधित बच्चों के कॉक्लियर इंप्लांट पर छह लाख रुपये तक तथा स्पीच थेरेपी में भी सहायता दी जा रही है।
सपा के कार्यकाल पर भी हमला
समारोह में मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार योजनाओं के लाभ में जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर भेदभाव नहीं करती। वहीं राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने सपा सरकार के कार्यकाल से मौजूदा सरकार की तुलना करते हुए कहा कि तब दिव्यांगजन विभाग का बजट 665 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 202627 में 2200 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि उस समय दिव्यांगजन को 300 रुपये पेंशन मिलती थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर 1000 रुपये किया है।
सवा करोड़ के उपकरण बांटे
समारोह में 127 को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 25 को ईट्राइसाइकिल, 70 को ट्राइसाइकिल, 319 को स्मार्टकेन व ब्रेल किट, 90 को हियरिंग एड, पांच को स्मार्टफोन समेत अन्य उपकरण दिए गए। इनकी कुल कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई गई।



