भारत में नई कार और बाइक खरीदने का क्रेज लगातार बढ़ रहा है. खासकर त्योहारों और खास मौकों पर लोग अपनी पसंद की गाड़ी घर लाने का प्लान बनाते हैं. लेकिन गाड़ी खरीदते समय सिर्फ मॉडल, कीमत और ऑफर देखना ही काफी नहीं है. जिस शोरूम से आप लाखों रुपये की गाड़ी खरीद रहे हैं, वह कंपनी का Authorized Dealer है या नहीं, यह चेक करना भी जरूरी है.

मार्केट में कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जहां ग्राहक सस्ती कीमत या बड़े डिस्काउंट के लालच में अनऑथराइज्ड डीलर से गाड़ी खरीद लेते हैं. बाद में गाड़ी की वारंटी, सर्विस और दूसरी सुविधाओं को लेकर परेशानी हो सकती है. इसलिए गाड़ी बुक करने या पैसे देने से पहले डीलर की सही पहचान जरूर जांच लें.
अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको कोई मुश्किल प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है. आप घर बैठे भी पता कर सकते हैं कि जिस शोरूम से गाड़ी खरीद रहे हैं, वह कंपनी के ऑथराइज्ड डीलर नेटवर्क में शामिल है या नहीं.
कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर चेक करें
की जांच करने का सबसे आसान तरीका है कि आप गाड़ी बनाने वाली कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. ज्यादातर कंपनियों की वेबसाइट पर Find a Dealer या Dealer Locator जैसा ऑप्शन दिया जाता है.
इस पर क्लिक करने के बाद आपको अपना राज्य और शहर चुनना होता है. इसके बाद उस शहर में कंपनी के ऑथराइज्ड डीलर की लिस्ट दिखाई देती है. इसमें आमतौर पर डीलर का नाम और पता दिया होता है. अगर जिस शोरूम से आप गाड़ी खरीदने जा रहे हैं, उसका नाम कंपनी की आधिकारिक डीलर लिस्ट में नहीं है, तो पैसे देने से पहले सावधान हो जाएं. ऐसे मामले में सीधे कंपनी से पुष्टि करना बेहतर रहेगा.
शोरूम में ऑथराइज्ड डीलर सर्टिफिकेट मांगें
अगर आप सीधे जाकर गाड़ी खरीद रहे हैं, तो वहां के सेल्स मैनेजर से कंपनी की तरफ से जारी ऑथराइज्ड डीलर सर्टिफिकेट दिखाने के लिए कह सकते हैं. आमतौर पर मान्यता प्राप्त डीलर के पास कंपनी की ओर से जारी प्रमाण पत्र होता है. कई शोरूम में इसे रिसेप्शन, मुख्य ऑफिस या ऐसी जगह लगाया जाता है, जहां ग्राहक इसे आसानी से देख सकें.
सर्टिफिकेट में डीलर का नाम और दूसरी जरूरी जानकारी दी जा सकती है. अगर शोरूम का स्टाफ इस तरह का प्रमाण दिखाने से बच रहा है या आपको जानकारी देने में आनाकानी कर रहा है, तो बिना पुष्टि किए पैसे न दें.
कंपनी के Customer Care से भी कर सकते हैं पुष्टि
अगर आपको शोरूम की Authorization को लेकर जरा भी शक है, तो गाड़ी बनाने वाली कंपनी के आधिकारिक Customer Care नंबर पर कॉल कर सकते हैं. कस्टमर केयर पर शोरूम का नाम और उसका पता बताकर पूछें कि क्या वह कंपनी के Authorized Dealer नेटवर्क का हिस्सा है. इस तरह आपको सीधे कंपनी से इसकी पुष्टि मिल सकती है.
यह तरीका खासतौर पर तब काम आ सकता है, जब किसी शोरूम का नाम कंपनी की वेबसाइट पर दिखाई न दे या आपको वहां मिलने वाले ऑफर पर संदेह हो.
बुकिंग अमाउंट देते समय रिसिप्ट जरूर देखें
गाड़ी की बुकिंग के समय अगर आप टोकन अमाउंट या कोई दूसरी रकम दे रहे हैं, तो उसकी रसीद को ध्यान से चेक करें. रसीद पर डीलर का सही कानूनी नाम, GST नंबर और भुगतान से जुड़ी जरूरी जानकारी होनी चाहिए। कंपनी या डीलर से जुड़े दस्तावेजों में दी गई जानकारी आपस में मिलती है या नहीं, इसे भी देख लें.
सिर्फ साधारण कागज पर लिखी रसीद या बिना सही बिल के किसी भुगतान से बचें. खासकर तब, जब आपसे बड़ी रकम जमा करने के लिए कहा जा रहा हो.
गाड़ी खरीदने से पहले ये गलती न करें
गाड़ी खरीदना बड़ी रकम से जुड़ा फैसला होता है. इसलिए सिर्फ सस्ती कीमत या ज्यादा डिस्काउंट देखकर किसी भी शोरूम में बुकिंग न करें. पहले कंपनी की वेबसाइट पर डीलर का नाम चेक करें. जरूरत पड़ने पर कंपनी के Customer Care से पुष्टि करें और पैसे देने से पहले सही रसीद जरूर लें. कुछ मिनट की यह जांच आपको बाद में होने वाली बड़ी परेशानी से बचा सकती है.



