IndiaUttar Pradesh

​UP: 16 की लड़की, 35 का दूल्हा… शादी तय हुई तो भाई पर करवा दी FIR

Barabanki News: बाराबंकी जिले में 16 साल की एक किशोरी ने अपने भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है. किशोरी का आरोप है कि उसका भाई उसकी शादी 35 साल के एक युवक से कराना चाहता है. शादी से इनकार करने पर भाई ने उसके साथ मारपीट की. किशोरी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि अगर उसे बाल संरक्षण गृह नहीं भेजा गया तो उसकी हत्या की जा सकती है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने किशोरी के भाई और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

​UP: 16 की लड़की, 35 का दूल्हा… शादी तय हुई तो भाई पर करवा दी FIR

सुबेहा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई उसकी शादी अपनी उम्र से दोगुने से भी अधिक उम्र के युवक से कराना चाहता है. जिस युवक से उसकी शादी तय की जा रही है, उसकी उम्र 35 साल है. किशोरी ने कहा कि वह इस शादी के लिए तैयार नहीं है. उसने परिवार के सामने इसका विरोध किया. शादी से इनकार करने पर उसके भाई ने उसके साथ लाठीडंडे से मारपीट की. लड़की का कहना है कि मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं.

‘शादी नहीं करना चाहती, बाल संरक्षण गृह भेजिए’

लड़की एक सहयोगी के साथ सुबेहा थाने पहुंची और पुलिस को अपनी पूरी बात बताई. उसने पुलिस से अपनी जानमाल की सुरक्षा की मांग की. लड़की ने यह भी कहा कि वह अपने परिजनों के साथ नहीं रहना चाहती. उसे बाल संरक्षण गृह भेज दिया जाए. लड़की ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई कि परिवार के लोग उसकी हत्या की योजना बना रहे हैं. उसने पुलिस से कहा कि अगर उसे संरक्षण नहीं मिला तो उसकी जान को खतरा हो सकता है.

भाई समेत अन्य लोगों पर केस दर्ज

लड़की की शिकायत मिलने के बाद सुबेहा पुलिस ने उसके भाई संजय यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है. लड़की के लगाए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है. सुबेहा थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया कि लड़की की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि लड़की शादी नहीं करना चाहती है और बाल संरक्षण गृह जाना चाहती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply