उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए. लार थाना क्षेत्र के भीकम छपरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान 50 साल के रामेश्वर तिवारी पर पड़ोसियों ने लाठीडंडों से हमला किया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. रामेश्वर तिवारी RSS कार्यकर्ता थे.

भीकम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि इसी दौरान मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई.
परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के दौरान पड़ोसियों ने रामेश्वर तिवारी पर लाठीडंडों से हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया.
अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत
रामेश्वर तिवारी के घायल होने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय देवरिया रेफर कर दिया.
परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
सूचना मिलते ही पुलिस और SOG पहुंची
घटना की जानकारी मिलने के बाद लार थाना पुलिस के साथ SOG की टीम भी गांव पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल गांव में कानूनव्यवस्था सामान्य है. मामले की जांच की जा रही है और विवाद की वास्तविक वजह तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
तीन पुलिस टीमों का किया गया गठन
सलेमपुर के सीओ गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस को भीकम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी. घटना में घायल रामेश्वर तिवारी को परिजन पहले CHC लार लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय देवरिया रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सीओ के मुताबिक, घटना के संबंध में परिजनों से संपर्क कर तहरीर ली जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश में कार्रवाई की जा रही है. रामेश्वर तिवारी की मौत की सूचना मिलने के बाद देवरिया के एसपी अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने मौके का बारीकी से जायजा लिया और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशानिर्देश दिए.
पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए गठित तीनों टीमें काम कर रही हैं. गांव में स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है



