Rohit Shetty Firing Case : मुंबई। फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों को विशेष अदालत ने सोमवार को 25 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने अदालत को बताया कि लारेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के इशारे पर शेट्टी को नुकसान पहुंचाने और भय का माहौल पैदा करने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों को रविवार की रात हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया और सोमवार को मुंबई लाया गया। इनमें कथित शूटर दीपक शर्मा भी शामिल है। महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामलों की सुनवाई के लिए नामित विशेष अदालत ने सभी को 25 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
फिल्म डायरेक्टर के घर फायरिंग से सनसनी
पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश करने और लोनकर समेत मामले के अन्य वांछित आरोपियों के ठिकाने का पता लगाने के उद्देश्य से पूछताछ के लिए उनकी हिरासत मांगी। पुलिस ने अदालत को यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए आग्नेयास्त्रों को अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है। पुलिस ने उनकी हिरासत की मांग करते हुए अदालत को बताया कि लोनकर के आदेश पर शेट्टी को नुकसान पहुंचाने और गिरोह द्वारा निशाना बनाए जा रहे अन्य लोगों में डर पैदा करने के इरादे से गोलीबारी की गई थी। अभियोजन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दीपक शर्मा और एक अन्य आरोपी ने घटना से पहले शेट्टी के आवास की रेकी की थी।

रोहित शेट्टी के घर गोलीबारी: रेकी, साजिश और गैंग लिंक की परतें खुलीं
पुलिस हिरासत नोट में कहा गया है कि साजिश लोनकर ने रची थी और उसी ने गोलीबारी के लिए धन और हथियार उपलब्ध कराए। आरोपियों ने कथित तौर पर एक सोशल मीडिया मंच के जरिए संपर्क रखा था, जिसे घटना के बाद उनके मोबाइल फोन से हटा दिया गया। पुलिस ने अदालत को बताया कि लोनकर और उसके गिरोह के सदस्य पहले भी इसी तरह के अपराध कर चुके हैं और आगे भी ऐसे हमलों को उनके द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका है, इसलिए उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करना आवश्यक है। एक फरवरी को रात करीब 12:45 बजे पश्चिमी मुंबई के जुहू स्थित शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच गोलियां चलाई गई थीं। एक गोली इमारत के भीतर स्थित जिम के शीशे पर लगी थी।
अब तक इस मामले में कुल 12 लोगों को पकड़ा जा चुका है। लोनकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की जिम्मेदारी ली थी। वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर गोलीबारी के मामले में भी वांछित है। आरोपियों पर मकोका के अलावा भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
The post Rohit Shetty Firing Case : रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में 7 आरोपी रिमांड पर, रेकी और साजिश की चौंकाने वाली परतें खुलीं appeared first on Jago India Jago.



