India

Share Market Update Today : शेयर बाजार में जारी गिरावट थमी, बिजली, बैंक शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 650 अंक चढ़ा

Share Market Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजार में जारी गिरावट पर सोमवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 650 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी 212 अंक चढ़ गया। बिजली, बैंक और वित्तीय शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती आई। इसके अलावा, अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत के बीच रुपये और वैश्विक कच्चे तेल में स्थिरता से निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट से उबरते हुए 650.39 अंक यानी 0.79 प्रतिशत चढ़कर 83,277.15 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 25,682.75 अंक पर बंद हुआ।

बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में से 2,565 शेयरों में गिरावट आई जबकि 1,747 बढ़त में रहे। वहीं 184 शेयर के भाव अपरिवर्तित रहे। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 3,11,982.13 रुपये बढ़कर 4,68,58,625.33 करोड़ रुपये (5,170 अरब डॉलर) पर पहुंच गया। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, सीमित दायरे में शुरुआत के बाद, घरेलू बाजारों में बैंक और बिजली क्षेत्र के शेयरों में नए सिरे से खरीदारी के कारण तेजी आई। मांग में निरंतर तेजी की उम्मीदों के साथ बिजली कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई। साथ ही, बेहतर कर्ज वृद्धि और बेहतर परिसंपत्ति गुणवत्ता ने बैंकों में विश्वास को मजबूत किया। उन्होंने कहा, इस बीच, रुपये में स्थिरता और अमेरिका-ईरान वार्ता से पहले सीमित दायरे में कच्चे तेल की कीमतें घरेलू शेयर बाजारों को अतिरिक्त समर्थन दे रही हैं।

इन शेयरों में आई तेजी

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में पावरग्रिड सबसे अधिक लाभ में रहा। इसमें 4.45 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, आईटीसी, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक में प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लि. के संपत्ति प्रबंधन मामलों के प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘जनवरी में म्यूचुअल फंड के बढ़े हुए आवंटन से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयर तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये। इसके कारण लगातार दो सत्रों की गिरावट के बाद शेयरों में उछाल आया।’’ मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.95 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप सूचकांक 0.16 प्रतिशत नीचे आया।

एशिया के अन्य बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। हांगकांग का हैंग सेंग मजबूत रहा, जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा। चीन और दक्षिण कोरिया के बाजार चंद्र नव वर्ष के अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक बाजारों में, मुद्रास्फीति में नरमी के बाद अमेरिका के 10-वर्षीय बॉन्ड प्रतिफल में लगातार गिरावट से इस साल के अंत में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीद मजबूत हुई है। निवेशक अब आगे की दिशा के लिए आगामी फेडरल रिजर्व की बैठक के ब्योरे का इंतजार कर रहे हैं।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 7,395.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 5,553.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.24 प्रतिशत टूटकर 67.59 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहा। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 1,048.16 अंक टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 336.10 अंक की गिरावट आई थी।

The post Share Market Update Today : शेयर बाजार में जारी गिरावट थमी, बिजली, बैंक शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 650 अंक चढ़ा appeared first on Jago India Jago.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply